भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विधानसभा में राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर हिमाचल प्रदेश में भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का विरोध तेज हो गया है। मंत्री के बयान के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किए गए। ऊना, मंडी और बिलासपुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए मंत्री के पुतले जलाए। वहीं, मंगलवार को राजधानी शिमला के सीटीओ चौक पर भी युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया।
मंडी में भाजयुमो ने प्रदर्शन कर मंत्री के बयान पर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाकर विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री की टिप्पणी से भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर का अपमान हुआ है। उन्होंने मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी उठाई।
बिलासपुर में भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ प्रदर्शन किया। यहां भी पुतला जलाने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान की स्थिति बनी। युवा मोर्चा ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग दोहराई।
मंगलवार को राजधानी शिमला में भाजयुमो कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे सीटीओ चौक पर एकत्रित हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के प्रदेश महामंत्री सुशील कड़सोली ने किया। कार्यकर्ताओं ने विधानसभा में 18 नवंबर को दिए गए मंत्री के बयान के खिलाफ नारेबाजी की और सार्वजनिक माफी की मांग उठाई।18 नवंबर को विधानसभा में दिया था बयान
18 नवंबर को विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल विमानों, भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर टिप्पणी की थी। इस पर सदन में विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई थी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित भाजपा विधायकों ने मंत्री से बिना शर्त माफी मांगने और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग उठाई थी। विवादित टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से हटाने का आश्वासन भी दिया गया था। भाजपा और भाजयुमो का कहना है कि मंत्री को अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इसी मांग को लेकर संगठन की ओर से प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।







