Views: 13,663
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को 2002 के साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन अग्निकांड मामले के दोषी इरफान सिराज पाडा की उम्रकैद की सजा पर रोक लगा दी। जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की बेंच ने गौर किया कि पाडा 18 साल से अधिक समय से जेल में है और वह कई बीमारियों से जूझ रहा है।
पीठ ने क्या कहा?
पीठ ने कहा, ‘मुख्य रूप से यह अर्जी चिकित्सीय आधार पर दायर की गई है। राज्य के वकील ने माना है कि याचिकाकर्ता की स्थिति, जैसा कि उनके वरिष्ठ वकील ने बताया है, वह तथ्यात्मक रूप से सही है। इन तथ्यों को देखते हुए, हम याचिकाकर्ता को चिकित्सीय आधार पर सजा से राहत (सजा पर रोक) देने के पक्ष में हैं।’
गुजरात राज्य की ओर से पेश हुईं वकील स्वाति घिल्डियाल ने कहा कि यह एक बहुत ही गंभीर मामला है, लेकिन उन्हें चिकित्सीय आधार पर सजा पर रोक लगाने से कोई आपत्ति नहीं है। हाल ही में, सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के गोधरा दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ हुए सामूहिक बलात्कार के मामले में दोषी ठहराए गए दो लोगों की सजा पर रोक लगा दी।