गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल पारसनाथ से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस मधुबन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में सूरत निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना बीती रात हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
इस दुर्घटना में सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को पीरटांड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल कुछ श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की सूचना है। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत से जैन समुदाय में शोक की लहर है। पारसनाथ की तीर्थयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई।






