तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने फिल्मों की पाइरेसी करने वाले एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह नेटवर्क सिनेमाघरों में नई रिलीज हुई फिल्मों को अवैध रूप से रिकॉर्ड कर पाइरेसी वेबसाइटों और इंस्टेंट मैसेजिंग व सोशल मीडिया ऐप के जरिये लोगों तक पहुंचाता था। मामले में दो छात्रों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी कॉपीराइट धारकों की अनुमति के बिना फिल्मों का वितरण करने वाले प्लेटफॉर्म चला रहे थे। आरोप है कि वे कुरनूल के एक सिनेमाघर में मोबाइल फोन से नई रिलीज हुई फिल्में रिकॉर्ड करते थे और फिर उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग एक वेबसाइट पर अपलोड कर देते थे।
ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के विज्ञापनों से भी करते थे अवैध कमाई
जांच में यह भी पता चला कि नेटवर्क के सदस्य अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नामों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते थे। पाइरेसी वेबसाइटों पर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े एप के विज्ञापन और लिंक भी दिए जाते थे। इससे अवैध कमाई की जा रही थी।






