प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ पहुंचे। अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पंचम राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद हैं।
समारोह में पीएम मोदी ने टॉपर्स को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई), नेशनल डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग से जुड़े प्रशिक्षक शामिल रहे। राजनाथ सिंह ने सभी सम्मानित लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजित हो रहा है। यह उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी।
देश के हुनर से चमक रहा दुबई और अबू धाबी : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में कहा, मैं जब विदेश जाता हूं तो शाही परिवारों के लोग कहते हैं कि यह शानदार शहर हिंदुस्तान के कारीगरों से बना है। दुबई, सऊदी अरब और अबू धाबी भारत के हुनर से चमक रहा है। अन्य देशों की सरकार जब समझौते (एमओयू) करती हैं तो यहां के हुनरमंद युवा की सबसे पहले मांग करती हैं। ये यूनिवर्सिटी वाले नहीं… आईटीआई वाले युवा होते हैं। इनके पास कौशल और हुनर है।
पीएम ने कहा कि जब पश्चिम एशिया में युद्ध छिड़ा, गैस बाधित हुई तो क्या-क्या नहीं कहा गया लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। हालांकि, हम सोते भी नहीं रहेंगे। अधिकारियों को लक्ष्य दिया कि एक दिन में न्यूनतम एक लाख पीएनजी कनेक्शन दिए जाएं ताकि संकट आए तो हम टिक पाएं। खुद समीक्षा करता था लेकिन यह आंकड़ा 15, 20, 25 हजार से आगे नहीं बढ़ रहा था।
कनेक्शन तेजी से नहीं बढ़ने का कारण पूछा तो पता चला कि पर्याप्त प्लंबर नहीं मिल रहे। आपकी यही ताकत है। स्किल है तो रोजगार के ज्यादा मौके हैं। सोलर पैनल और खेल ही नहीं हर क्षेत्र में कौशल युक्त युवा की जरूरत है। आज भारत विश्व की स्किल कैपिटल बन रहा है। यूपी में एक समय अवसर की कमी थी। आज युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई के युवा खुद को कम न समझें। पहले यूनिवर्सिटी व आईआईटी में दीक्षांत समारोह होते थे। हमने आईटीआई में भी दीक्षांत समारोह शुरू किया। क्या किसी यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में ऐसे कपड़े दिखे? क्या ठाठ से युवा आ रहे थे। हमें गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलना है। क्लैरिकल जॉब पर नहीं कौशल विकास पर जोर देना है।
जिनके पास कौशल, कोई नहीं छीन सकता रोजगार
पीएम ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर क्या-क्या कहा जा रहा था। युवाओं को समझना होगा कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता है। कोविड काल में कुशल कामगारों की अहमियत पूरी दुनिया ने महसूस की। आज भारत मोबाइल फोन आयात करने वाले देश से आगे बढ़कर उनका निर्माण करने वाला देश बना है। देश की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने में युवाओं के हुनर की महत्वपूर्ण भूमिका है।
एक दशक में पांच हजार नई आईटीआई
मोदी ने बताया कि 2014 के बाद एक दशक में देश में लगभग 5000 नई आईटीआई स्थापित की गई हैं। छात्रों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी है। छात्राओं की संख्या ढाई गुना से अधिक हुई है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, फैकल्टी और बुनियादी ढांचा मजबूत करने के साथ आईटीआई में 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड शुरू किए गए हैं। इनमें एआई असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन एवं स्पेशल इफेक्ट और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।
वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता नोएडा में
प्रधानमंत्री ने बताया कि 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा, जो उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगी। एशिया के 30 से अधिक देशों के युवा यहां अपने कौशल की प्रतियोगिता करेंगे। उन्होंने इसकी मेजबानी के लिए उत्तर प्रदेश को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2018 में अबू धाबी से हुई थी। 2023 में भी अबू धाबी में प्रतियोगिता हुई। तीसरा संस्करण 2025 में ताइपे में हुआ। पीएम ने कहा, यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि एशिया के कौशल और प्रतिभा का अगला बड़ा संगम वर्ष 2027 में भारत में होगा।
इन दस युवाओं को मंच से किया सम्मानित
प्रधानमंत्री ने विभिन्न ट्रेडों के दस ऑल इंडिया टॉपर्स को मंच पर खुद सम्मानित किया। इसमें तमिलनाडु की काव्या लेका आरएन व संधना लक्ष्मी आर, जम्मू-कश्मीर की ताबिश शौकत, पश्चिम बंगाल के अमित बैरागी, मध्य प्रदेश के सूरज साहू, ओडिशा की सुप्रीति मोहपात्रा, तमिलनाडु की संगीता टी, केरल की एंजेल मैरी एंटो, उत्तर प्रदेश के शहबाज खान व संध्या देवी शामिल हैं।
मोदी बोले- लोगों ने बात मानकर गोल्ड की खरीदारी कम की
मोदी ने कहा कि देश का चरित्र ऐसा ही है। एक सामान्य व्यक्ति के तौर पर उनकी अपील पर भी देशवासियों ने भरोसा किया और सोना कम खरीदा। उन्होंने कहा कि सोने के दाम गिर गए और लोग उनसे कह रहे हैं कि उनकी बात मानने से उनके पैसे बच गए।
पीएम मोदी बोले- अधिकारी 30 से 35 कामों की सूची लेकर आए
गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने अपने अधिकारियों को इस संबंध में सूची तैयार करने का काम दिया था। शुरुआत में अधिकारी 30 से 35 कामों की सूची लेकर आए। इसके बाद उन्होंने कहा कि सुबह जागने से लेकर रात में सोने तक और जन्म से मृत्यु तक व्यक्ति को किन-किन चीजों की जरूरत पड़ती है, इसका पूरा ब्योरा तैयार किया जाए।
मोदी ने कहा कि जब विभाग के अधिकारी दोबारा सूची लेकर आए तो एक सप्ताह में करीब एक हजार तरह के कामों की सूची तैयार हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि यही कौशल है, जो समाज की जरूरतों को पूरा करता है और उसे लगातार गतिमान बनाए रखता है।
पीएम मोदी ने 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को किया सम्मानित, दिव्यांग प्रशिक्षुओं से साइन लैंग्वेज में की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर से आए 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांग प्रशिक्षुओं से साइन लैंग्वेज में बातचीत की। साथ ही अंगूठा दिखाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मोदी बोले- आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिले आईआईटी जैसा सम्मान
मोदी बोले- अंग्रेजों ने देश की कौशल आधारित व्यवस्था को खत्म किया
मोदी बोले- आईआईटी की तरह आईटीआई के बच्चों को भी मिले सम्मान
गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई में पढ़ते हुए युवाओं ने जो कौशल सीखा है, वह विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है। दुनिया के सैकड़ों तरह के काम हुनरमंद लोगों के दम पर होते हैं।
मोदी बोले- अलग-अलग हुनर वाले लोगों की अहम भूमिका होती है
गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में उन्होंने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जन्म वहीं हुआ है और वहां के अनुभवों से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि गुजरात में एक परंपरा रही है कि जहां कोई गांव बसता है, वहां अपने कौशल से गांव का जीवन चलाने वाले लोग भी बसते हैं। यानी गांव की व्यवस्था और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में अलग-अलग हुनर वाले लोगों की अहम भूमिका होती है।
मोदी बोले- लंबे समय से चिकनकारी का काम होता आ रहा
गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने लखनऊ की चिकनकारी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में लंबे समय से चिकनकारी का काम होता आ रहा है। यह यहां के पारंपरिक हुनर और कौशल का प्रतीक है।
पीएम मोदी बोले- छात्र ही देश का सामर्थ्य और भविष्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस ऊर्जा, सपनों, आशा और अरमान के साथ वह आईआईटी के विद्यार्थियों के बीच गए थे, उसी उमंग और उत्साह के साथ आईटीआई के विद्यार्थियों के बीच आए हैं। ये युवा उनके लिए देश की अमानत हैं। यही देश का सामर्थ्य और भविष्य हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सांसद होने के नाते उनके लिए यह गर्व की बात है। देशभर से आए युवाओं का स्वागत करने का अवसर मिलना उनका सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं की मौजूदगी इस आयोजन को खास बनाती है।








