हरिद्वार: असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, कार्रवाई के दौरान एक के पैर में लगी गोली, 4 आरोपी गिरफ्तार

बहादराबाद पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया था। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध पिस्टल, एक तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दो बाइक और तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर खुलासा किया। बताया कि 15 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी।
घायल जिला अस्पताल में भर्ती
कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो लोग बाइक से वहां पहुंचे। पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो वह गन्ने के खेत में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद उसने दोबारा गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तलाशी के दौरान मुकुल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन, जबकि भूपेंद्र के पास से .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। वहीं, विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए।
इसके बाद 16 नवंबर की रात पुलिस ने बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक .32 बोर पिस्टल और दो कारतूस मिले। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह से जुड़े हैं।
और पढ़े  रुद्रप्रयाग: ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुई बाबा केदारनाथ की चलविग्रह उत्सव डोली, 6 माह यहीं होगी पूजा
  • Related Posts

    उत्तराखंड बस हादसा अपडेट: टिहरी गढ़वाल के गूलर में पुल से गिरी बस, 9 की मौत, 26 घायलों में कुछ की हालत गंभीर

    टिहरी जिले में गूलर घाटी के पास आज सुबह हुए बस हादसे में नौ लोगों की जान चली गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में से भी छह…

    उत्तराखंड में बड़ा बस हादसा-: टिहरी गढ़वाल के गूलर में पुल से गिरी बस, 8 लोगों की मौत, 20 को निकाला, बचाव अभियान जारी

    हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस मंगलवार सुबह गूलर के पास हादसे का शिकार हो गई। बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।…