बदरीनाथ: धाम में आज की रात होगी बेहद खास, कपाट बंदी से पहले ये रस्में, लाखों श्रद्धालु पहुंचे साक्षी बनने

बदरीनाथ मंदिर के कपाट सोमवार को रात 9.37 पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष चारधाम यात्रा भी संपन्न हो जाएगी। कपाट बंद किए जाने की प्रक्रियाएं भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पंच पूजाओं के चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया गया था। रावल अमरनाथ नंबूदरी ने मंदिर परिसर स्थित माता लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर कढ़ाई भोग अर्पित किया।

पुष्प श्रृंगार के दर्शन होंगे

आज बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के दिन सोमवार को श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के पुष्प श्रृंगार के दर्शन करेंगे। भगवान नारायण का स्वर्ण श्रृंगार की जगह फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। रात साढ़े सात बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की प्रक्रिया पांच दिन पहले पंच पूजा के साथ शुरू हो गई थी। पहले दिन गणेश मंदिर, दूसरे दिन आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए। तीसरे दिन खड़ग-पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद हुआ। चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया।

 

 

कपाट बंदी से पहले गर्भगृह में विराजेंगी माता लक्ष्मी

मंदिर के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अभिषेक पूजा के बाद दिनभर श्रद्धालु दर्शन कर  कर रहे हैं। दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया गया, जबकि शाम सात बजे सांध्य पूजा शुरू होगी। रात साढ़े सात बजे रावल मंदिर में प्रवेश करेंगे। पूजा-अर्चना के बाद सखी वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान किया जाएगा। इसके बाद कुबेर, उद्धव और गरुड़ जी गर्भगृह से बाहर आएंगे। सभी देवताओं की आरती के बाद मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। अगले दिन भगवान की उत्सव डोली शीतकालीन पूजा स्थल के लिए रवाना होगी।

और पढ़े 

23 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बदरीविशाल के दर्शन कर कपाट बंद करने की तैयारियों के तहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष में अब तक सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।

बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन पूजा की तैयारियां शुरू

बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के बाद अब भगवान की उत्सव डोलियां शीतकालीन प्रवास के लिए निर्धारित स्थलों पर पहुंचेंगी। मंगलवार को कुबेर और उद्धव जी की डोली पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर में विराजमान होगी। इसके अगले दिन बुधवार को आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेगी। इसके साथ ही इन दोनों स्थानों पर शीतकालीन पूजाएं भी शुरू हो जाएंगी।

  • Related Posts

    अब 3 साल तक नहीं कराना होगा पीयूसी: BS-6 गाड़ियों के लिए सरकार ने बदला नियम, किसे कब कराना होगा रिन्यूअल?

    गाड़ी चलाने वालों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में संशोधन…

    यूकेएसएसएससी: उत्तराखंड में समूह-ग के 1694 पदों पर भर्ती, 12वीं पास के लिए मौका, 25 नवंबर से करें आवेदन

    उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विज्ञापन संख्या 84/2026 के तहत विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही पदों पर सीधी भर्ती निकाली है। इस भर्ती में कुल 1,694 पद भरे…