Views: 15,897
खजूरी खास में सोमवार शाम दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के सामने जिस समीर उर्फ भूरा नामक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है, पुलिस सूत्रों का दावा है कि उसका संबंध गैंगस्टर हारून सैफी के गिरोह से था। सूत्रों का दावा है कि समीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। हाल ही में जिला पुलिस ने उसे एक मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। हालांकि, पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस को आशंका है कि समीर की हत्या के पीछे नसीम उर्फ नसीम दुर्रानी गैंग का हाथ हो सकता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नसीम दुर्रानी और हारून सैफी गैंग के बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही है। दोनों गिरोहों के बीच इलाके में वर्चस्व को लेकर कई बार टकराव हो चुका है। अब यह दुश्मनी खूनी संघर्ष में बदलती नजर आ रही है। पुलिस इस मामले को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है। दोनों गिरोहों के बीच दुश्मनी में पहले भी दो लोगों की जान जा चुकी है। 26 मई को खजूरी खास इलाके में राजा मेवाती उर्फ अक्की डॉन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अक्की हारून का मामा था। इसके तीन सप्ताह बाद 15 जून को दयालपुर के नेहरू विहार इलाके में राशिद पानी वाला की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी।