ग्रीन गैस कंपनी का बिल अपडेट करना है। आपके व्हाटस एप पर एक लिंक भेज रहे हैं। क्लिक करते ही अपडेट हो जाएगा….। पीएनजी का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं से साइबर ठग 4 महीने में इसी तरह 55 लाख से अधिक की धनराशि ठग चुके हैं। ठगी का यह पूरा नेटवर्क झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और केरल से चल रहा है।
साइबर थाना पुलिस के टारगेट पर लोगों की रकम जमा करने वाले 60 खाते और 12 मोबाइल नंबर टारगेट पर हैं। खातों को साइबर अपराधियों ने किराये पर लिया था। मोबाइल नंबर भी दूसरों की आईडी पर चल रहे थे। अब इनकी जानकारी मांगी जा रही है। साइबर थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि ग्रीन गैस कंपनी के 75 हजार से अधिक उपभोक्ता साइबर अपराधियों के निशाने पर हैं।
कंपनी का डाटा चोरी किया गया था। इसके बाद लोगों को कॉल किए गए। आगरा में 55 लाख से अधिक की रकम ले ली गई। इस पर 15 से अधिक मामले भी दर्ज हुए। मगर अब तक एक भी आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है। इसकी वजह है जिन खातों में रकम भेजी गई, वो पश्चिमी बंगाल, असम, झारखंड और केरल के निकले।





