2026 छठ- उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा, प्रधानमंत्री बोले- प्रकृति को समर्पित दिव्य उत्सव

लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालु आज उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद अपना अनुष्ठान पूरा किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी समेत तमाम जलाशयों में स्वच्छता के साथ-साथ सभी जरूरी बंदोबस्त किए गए। खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस चार दिवसीय महापर्व में शामिल हुईं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार की राजधानी पटना में व्रत किया। आज उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सभी व्रतियों ने अपना निर्जला व्रत समाप्त किया। छठ के लिए बनाए गए घाटों पर प्रसाद का वितरण भी किया गया।

छठ महापर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्या बोले?

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को छठ पूजा के अंतिम और चौथे दिन पर भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह “दिव्य” पर्व सभी व्रतधारी श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद देता है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि छठ के भव्य त्योहार का चार दिवसीय अनुष्ठान उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने इस पर्व को प्रकृति को समर्पित एक दिव्य उत्सव बताया, जिसमें दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। पीएम मोदी ने छठी मैया से देश भर के सभी व्रत रखने वाले भक्तों और अपने परिवार के सदस्यों पर आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

 

लोकआस्था का महापर्व, विदेश में भी उत्साह
बिहार की संस्कृति से खास तौर पर जुड़े सूर्य उपासना का चार विशेष अनुष्ठान और महापर्व छठ अब विदेश में भी पूरी आस्था के साथ मनाया जा रहा है। विदेश से आई तस्वीरों में भी भारतवंशियों के साथ-साथ सूर्य की उपासना करने वाले श्रद्धालुओं को छठ मनाते देखा गया।

और पढ़े  अमेरिका: 2,000 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल, एयर ट्रैफिक संकट गहराया, हालात सुधारने के लिए 50 अरब डॉलर की मांग

 

 

आम लोगों के अलावा सियासी हस्तियों के बीच भी आस्था
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की राजधानी पटना से इतर छठ महापर्व मनाया। उन्होंने मुंगेर में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी राज्य के जशपुर में छठ महापर्व में भाग लिया। इसके अलावा भाजपा सांसद रवि किशन ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में छठ महापर्व मनाया।

मुख्यमंत्री सूर्य देव की पूजा और सभी के आशीर्वाद पर क्या बोले?

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी पत्नी के साथ छठ पूजा के अनुष्ठानों में भाग लेने के बाद पत्रकारों को बताया कि वे हर साल अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में लोक आस्था का महापर्व मनाने और आशीर्वाद लेने आते हैं। उन्होंने कहा, आज के शुभ अवसर पर सूर्य देव की पूजा करने और सभी का आशीर्वाद लेने आए हैं। विशेष रूप से व्रत रखने वाली माताओं व महिलाओं का आशीर्वाद मांगा।

उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से वाराणसी तक कैसा माहौल?

सांसद रवि किशन ने गोरखनाथ मंदिर परिसर के भीम सरोवर में सुबह का अर्घ्य देने के बाद कहा, छठी मैया का आशीर्वाद अविश्वसनीय है। उन्होंने माताओं और बहनों को पूजा करते देख खुशी व्यक्त की। उन्होंने दुनिया भर में अनुष्ठान करने वाले भक्तों को अपनी शुभकामनाएं भी दीं। दिल्ली में, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पर्व के अंतिम दिन सोनिया विहार घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।

 

 

कई देशों में पूरी भव्यता के साथ बिखर रही छठ की छटा
लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ की व्यापकता भारत में तो बढ़ ही रही है, इसकी छटा सात समंदर पार कई देशों में भी पूरी भव्यता के साथ बिखर रही है। नेपाल की राजधानी काठमांडो से लेकर अमेरिका और लंदन तक प्रवासी भारतीयों ने सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए पूरे विधि-विधान के साथ इस महापर्व को मनाया। काठमांडो में बागमती नदी के पावन तट और विभिन्न कृत्रिम घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। पारंपरिक परिधानों में सजे व्रतियों ने डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दुबई में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों ने पाम जुमेराह के खुले समुद्र तट पर पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

और पढ़े  ईरान का दावा: होर्मुज में 3 टैंकर बारूदी सुरंगों से टकराए, आग लगने के बाद कितना नुकसान, क्या बढ़ेगा तनाव?

 

बंगाल, ओडिशा से मुंबई तक उत्साह, अभिनेता सोनू सूद क्या बोले?
पश्चिम बंगाल, ओडिशा में भी छठ व्रतियों के बीच श्रद्धा और आस्था के साथ-साथ विशेष उत्साह देखा गया। मुंबई में अभिनेता सोनू सूद भी छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं के बीच देखे गए। इसके अलावा अयोध्या में सरयू नदी के किनारे बने घाटों पर भी उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया गया।

 

 

दिल्ली में यमुना किनारे किए गए बंदोबस्त के बीच धुंध और प्रदूषण वाले स्मॉग से उत्साह कमजोर नहीं हुआ। सूर्योदय का समय होने पर श्रद्धालुओं ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इससे पहले इस महापर्व के तीसरे दिन दिल्ली के तमाम जलाशयों में श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।

2026 छठ- उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा, प्रधानमंत्री बोले- प्रकृति को समर्पित दिव्य उत्सव

मुंबई के कुर्ला में श्रद्धालुओं ने कृत्रिम तालाब पर छठ पूजा की रस्में निभाईं।

65,000 करोड़ से अधिक का कारोबार
आस्था के साथ-साथ कारोबार के लिहाज से भी छठ बड़ा आयोजन बनकर उभरा है। कारोबारियों के संगठन कैट का अनुमान है कि छठ पर देशभर में 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। करीब 11 करोड़ लोगों ने यह त्योहार मनाया।

  • Related Posts

    एनवीडिया में जेनसन हुआंग की होगी वापसी?: सिलिकॉन वैली के दिग्गज बना रहे वॉर रूम, मस्क भी साथ

    एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग कंपनी में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अपने करीबी लोगों के साथ दोबारा कंपनी की कमान…

    हूतियों ने सऊदी पर किया हमला: एयरपोर्ट और वित्तीय केंद्र पर मिसाइलें दागने का दावा, क्या फिर बढ़ेगा तनाव?

    यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और एक वित्तीय केंद्र को निशाना बनाया है। संगठन…