हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने और परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना के तहत 18 से 59 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही पात्र लाभार्थी परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
सरकार के अनुसार इस योजना के तहत कुल 3.50 लाख पात्र महिलाओं की पहचान की गई है। गौरतलब है कि सरकार पहले ही 59 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता 1,050 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह कर चुकी है।
सभी 12 जिलों में शुरू होगा खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान
प्रदेश में नशे के खिलाफ युवाओं को जोड़ने के लिए मंत्रिमंडल ने खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान-2026 शुरू करने को मंजूरी दी है। यह अभियान प्रदेश के सभी 12 जिलों में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखना है। अभियान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि युवाओं की ऊर्जा को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में लगाकर नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत किया जा सकता है।
प्रदेश में जमीन और संपत्ति के पंजीकरण की व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए मंत्रिमंडल ने रजिस्ट्रेशन सेवा केंद्र परियोजना लागू करने को मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत मौजूदा सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों को पासपोर्ट सेवा केंद्रों की तर्ज पर आधुनिक बनाया जाएगा। पहले चरण में सोलन, शिमला, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में यह परियोजना शुरू होगी।घुमारवीं में केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन लीज पर देने की मंजूरी
बिलासपुर जिले के घुमारवीं में केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने के लिए 2.26 हेक्टेयर जमीन लीज पर देने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा चंबा जिले के पांगी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय फूल यात्रा मेले का दर्जा बढ़ाकर राज्यस्तरीय मेला करने का फैसला लिया गया है।








