नवंबर में आमतौर पर सर्दी का अहसास बढ़ने लगता है। सुबह और शाम ठंड महसूस होने के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट आने लगती है लेकिन इस बार मौसम का मिजाज कुछ अलग नजर आ रहा है। नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी दून में सर्दी का अहसास नहीं है। दिन में तेज धूप के चलते तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है।
बदल रहा मौसम का पैटर्न, देर से दस्तक दे रही ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में मौसम के पैटर्न में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले मानसून की विदाई के बाद अक्तूबर से ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाती थी और नवंबर आते-आते ठंड का असर बढ़ने लगता था। वहीं, अब कई बार मानसून की विदाई के बाद भी लंबे समय तक मौसम शुष्क बना रहता है। आसमान साफ रहने और दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बारिश-बर्फबारी के समय में बदलाव भी तापमान के उतार-चढ़ाव को प्रभावित कर रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान के सामान्य व्यवहार में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम के पारंपरिक पैटर्न में बदलाव के चलते कभी कम समय में अत्यधिक बारिश होती है तो कभी लंबे समय तक शुष्क मौसम बना रहता है। इसका असर तापमान पर भी पड़ता है। नवंबर में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज होना इसी बदलते मौसमी व्यवहार की एक तस्वीर है।
बारिश और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता पर टिकी ठंड की रफ्तार
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने के बाद मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट आती है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कमजोर रहने और बारिश नहीं होने की स्थिति में ठंड बढ़ने की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है। दून में भी फिलहाल दिन के तापमान में बढ़ोतरी का एक प्रमुख कारण मौसम का शुष्क बने रहना और तेज धूप निकलना है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हवा की दिशा के आधार पर तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।








