जेनी प्रकरण: हरक का तीखा हमला, बोले- अंकिता भंडारी केस से ध्यान भटकाने को भाजपा कर रही षड्यंत्र

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड और उसमें शामिल कथित वीआईपी के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा वर्षों पुराने जेनी प्रकरण को राजनीतिक हथियार बना रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी अंकिता को न्याय मिलने और कथित वीआईपी को सजा होने तक यह लड़ाई जारी रखेगी।

हरक ने मीडिया से बातचीत और अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि भाजपा एक सुनियोजित साजिश के तहत उनके खिलाफ पुराने और निराधार आरोप उछाल रही है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2003 में, जब केंद्र में भाजपा की ही सरकार थी, तब सीबीआई ने इस पूरे मामले की गहन जांच की थी। उस जांच में डीएनए टेस्ट भी कराया गया था और सीबीआई की रिपोर्ट में यह साफ दर्ज है कि संबंधित पक्ष ने बार-बार झूठे बयान देकर जांच एजेंसी को गुमराह करने की कोशिश की थी।

पूर्व मंत्री ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा आज भी सीबीआई जांच और डीएनए रिपोर्ट पर सवाल खड़े कर रही है तो वह सीधे तौर पर तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी, तत्कालीन भाजपा सरकार और स्वयं सीबीआई की निष्पक्षता पर सवाल उठा रही है। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा यह मानती है कि उसके अपने शासनकाल में सीबीआई दबाव में काम कर रही थी? यदि ऐसा है, तो उस दौर की सभी सीबीआई जांचों की विश्वसनीयता संदिग्ध हो जाती है।

हरक ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आगामी चुनावों में संभावित हार और मंत्रियों के भ्रष्टाचार से घिरी धामी सरकार असल मुद्दों से बचने के लिए यह हथकंडा अपना रही है। उन्होंने कहा कि झूठे आरोपों और राजनीतिक षड्यंत्रों से न तो अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मुहिम कमजोर होगी और न ही उनकी आवाज दबेगी। उत्तराखंड की जनता भाजपा की इस ध्यान भटकाने वाली राजनीति का जवाब देगी।

और पढ़े  देहरादूनमंत्री रेखा आर्या के पति गिरफ्तार: जेल में ही मनेगी साहू की दिवाली, प्रेस कॉन्फ्रेंस में होंगे कई अहम खुलासे
  • Related Posts

    चारधाम यात्रा: श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड, पहली बार केदारनाथ पहुंचे 19 लाख से अधिक श्रद्धालु

    चारधाम यात्रा ने पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या में नया रिकॉर्ड बनाया है। धामों में अवस्थापना विकास व सुविधाएं बढ़ने से हर साल दर्शन करने वालों की संख्या में इजाफा…

    जेनी प्रकरण: हरक सिंह रावत के खिलाफ जांच के लिए सीबीआई से मांगे दस्तावेज, पड़ताल में जुटी पुलिस

    पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ इंद्रा देवाड़ी उर्फ जेनी की ओर से लगाए गए नए आरोपों की जांच के लिए पुलिस ने दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिए…