उत्तर प्रदेश में नवंबर के दूसरे सप्ताह की शुरुआत के साथ ही मौसम अब धीरे-धीरे सर्दियों की ओर बढ़ रहा है। सुबह और शाम की हवा में ठंडक बढ़ने लगी है तो रात का तापमान भी लगातार नीचे खिसक रहा है। सुबह कई जिलों में कोहरे की हल्की चादर दिखाई दे रही है, जबकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से मौसम सुहाना बना हुआ है।
10 जिलों में 15 डिग्री के आसपास पहुंचा रात का पारा
रात के तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ने लगा है। रविवार और सोमवार के बीच प्रदेश के करीब 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हरदोई में पारा गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
अगले तीन दिन सुबह कोहरे और धुंध के आसार
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। वायुमंडलीय स्थिरता के कारण अगले दो से तीन दिनों तक सुबह हल्के से मध्यम कोहरे और दिन में धुंध का असर बने रहने की संभावना है।





