जौनपुर- 200 कारतूस, चार असलहों और 7.58 लाख रुपये के साथ अंतरराज्यीय 5 तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में अवैध असलहों की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का सुजानगंज थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शनिवार को कुरांवां नहर पुलिया के पास पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो बंदूकें, 200 कारतूस, एक राइफल, प्रतिबंधित 9 एमएम पिस्टल, ग्लॉक पिस्टल और 7.58 लाख रुपये नकद बरामद किए। आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन भी मिले।

मड़ियाहूं सीओ गोल्डी गुप्ता ने प्रेसवार्ता में बताया कि सरगना शुभम सिंह देश के अलग-अलग राज्यों में अपने नेटवर्क के जरिये अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई करता था। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों के थानों में अवैध असलहा तस्करी समेत 18 प्राथमिकी दर्ज हैं।
सीओ ने बताया कि सुजानगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार को संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि कुरांवां नहर पुलिया के पास कुछ लोग अवैध असलहों और कारतूसों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह निवासी जुड़ापुर, थाना सरपतहां, जिला जौनपुर, संतोष कुमार निवासी छीतम पट्टी, थाना सरपतहां के अलावा सौरभ सिंह, अनीश सिंह और दिग्विजय सिंह तीनों मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी का चालान कर दिया है।
बिहार में बालू खनन के वर्चस्व में करते थे हथियाराें की सप्लाई
सीओ गोल्डी गुप्ता ने बताया कि सरगना शुभम सिंह 2022 में बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में अमनाबाद सोन नदी के कवरिया घाट और सोन टीला इलाके में गैंगवार में हथियारों की सप्लाई कर चुका है। यह गैंगवार अवैध बालू खनन और बालू की लीज में साझेदारी व वर्चस्व स्थापित करने को लेकर हुआ था। शुभम ने इस संघर्ष में इस्तेमाल राइफल, पिस्टल और कारतूस की खरीद-फरोख्त कर सप्लाई की थी। गिरोह उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में सक्रिय था। इसके नेटवर्क के जरिये अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने के लिए हथियार पहुंचाए जाने की जानकारी जुटाई जा रही है।

कानपुर के हैरिस गन हाउस से भी जुड़े तार, अन्य राज्यों के तस्करों की तलाश
सीओ ने बताया कि पुलिस की जांच में कानपुर के हैरिस गन हाउस से भी कुछ हथियारों की सप्लाई का लिंक सामने आया है। गन हाउस के प्रोपराइटर अब्दुल्ला खान और गिरोह से जुड़े कुछ अन्य आरोपी वांछित हैं। इनकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। वांछित आरोपियों के उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली और अन्य राज्यों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह के हथियार खरीदने और सप्लाई करने वाले नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

शुभम पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
शुभम सिंह के खिलाफ जौनपुर, बलिया, सुल्तानपुर, कानपुर, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, बिहार और दिल्ली में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2011 से 2026 तक करीब डेढ़ दर्जन मामले पुलिस रिकॉर्ड में हैं। इनमें हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचना और अवैध असलहा रखने व तस्करी से जुड़े मामले शामिल हैं।
और पढ़े  UP- अमित शाह की मौजूदगी में आज तय होगा 2027 चुनाव का एजेंडा, जानिए शाह का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
  • Related Posts

    वंदे भारत का हब बनी काशी: आठ साल में मिलीं नौ सेमी हाईस्पीड ट्रेनें, 5 राज्यों तक सफर हुआ आसान

    देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत के काशी से चलते ही एक नया रिकॉर्ड बन गया। जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बनारस रेलवे स्टेशन से…

    केजीएमयू में धर्मांतरण का खुलासा: डॉ. अनीस ने 19 युवतियों से किया दुष्कर्म, वीसी के सचिव भी जांच के घेरे में

    किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में धर्मांतरण और महिला डॉक्टरों के यौन शोषण की जांच में एसटीएफ ने इस्लामिक मेडिकोज समूह से जुड़े एक डॉक्टर को लेकर बड़ा खुलासा किया…