लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 1 नवंबर के रामलीला मार्च से पहले रैली में शामिल होने वाले लोगों से अपील की है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- कल लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं। त्यौहारों का मौसम है। दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है। मैं चाहता हूं जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें। प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए – व्यापारियों का फायदा हो जाएगा। मैं जानता हूं व्यापारियों को रैली नुकसान नहीं पहुंचाएगी। भाजपा डरी हुई है इसलिए अफवाह फैला रही है। मगर, दोनों काम करते हैं। कल मार्च होगा, रैली होगी और लाखों लोग हमारे व्यापारियों की छोटी-छोटी दुकानों में से सामान खरीदेंगे। आप सबको बहुत-बहुत प्यार। शुभ दिवाली। जय हिंद।
इंडिया ब्लॉक का मार्च कब और कहां से शुरू होगा?
इंडिया ब्लॉक का चलो दिल्ली मार्च 1 नवंबर को दोपहर 12 बजे मिंटो रोड और कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होगा। यह मार्च रामलीला मैदान तक पहुंचेगा, जहां विपक्षी दलों की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां हुई हैं और वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन महाभियोग कार्यक्रम आज (31 अक्तूबर) आयोजित किया गया है। इंडिया ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 30 अक्तूबर को जनता की ओर से महाभियोग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई थी। हालांकि, दिल्ली में लगातार बारिश होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
विपक्ष की रैली, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
रामलीला मैदान में प्रस्तावित एक बड़ी रैली को देखते हुए मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रह सकती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है और आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
यात्रियों के लिए विशेष निर्देश
दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे असुविधा से बचने के लिए सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित होने वाले मार्गों से बचें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर घर से निकलें। भीड़भाड़ से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन, विशेषकर मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करें।







