चक्रवात अर्नब के कारण मूसलाधार बारिश की वजह से भले अभी तापमान में नरमी दिखाई दे रही है, लेकिन रविवार से शुरू हो रहे नवंबर माह में ऐसा नहीं रहने वाला है। नवंबर में देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा और न्यूनतम तापमान की स्थिति भी कुछ ऐसी रहने वाली है। आईएमडी ने शनिवार को नवंबर के लिए जारी मौसम के पूर्वानुमान में बताया, हिमालय के तराई वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कुछ कम रह सकता है। वहीं, मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है। एजेंसी
देश में नवंबर महीने में सामान्य अधिकतम तापमान अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार लगभग 25 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। उत्तर भारत (दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान) में यह 27 से 30 डिग्री के बीच रहता है। दक्षिण भारत (गोवा, केरल, तमिलनाडु) में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहता है और अधिकतम तापमान 32 डिग्री या उससे उससे अधिक 33 डिग्री तक पहुंच जाता है। पहाड़ी क्षेत्रों (कूप/लेह/श्रीनगर) में यह 8 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच सिमट जाता है। मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान सामान्यतौर पर 28 से 30 डिग्री के बीच दर्ज किया जाता है।
भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में अभी बहुत मजबूत अल नीनो की स्थिति बनी हुई है। नवीनतम पूर्वानुमान भी नवंबर-दिसंबर में बहुत मजबूत अल नीनो का संकेत दे रहे हैं। अल नीनो एक जलवायु घटना है जिसकी वजह से आमतौर पर गर्मी बढ़ती है।
- आईएमडी ने बताया कि इस साल अक्तूबर में भारत में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का एक प्रमुख कारण अल नीनो की मजबूत स्थिति हो सकती है।
- अक्तूबर में देश का मासिक औसत अधिकतम तापमान 32.43 डिग्री रहा जो 1901 के बाद सबसे अधिक दर्ज किया गया। अक्तूबर के लिए सामान्य मासिक औसत अधिकतम तापमान 31.37 डिग्री सेल्सियस होता है।







