रेखा आर्या प्रकरण: छह से अधिक ठिकानों पर दबिश के बाद भी नहीं मिला गिरधारी, कुछ करीबियों से की पूछताछ

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में जुटी विशेष जांच टीम (एसआईटी) छह से अधिक ठिकानों पर दबिश देने के बाद भी उन्हें नहीं खोज पाई है। टीम गिरधारी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, जांच का दायरा बढ़ाते हुए एसआईटी ने उनके कुछ करीबियों को देहरादून लाकर पूछताछ की है। अब तक इस मामले में पांच लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। एसआईटी इन बयानों के आधार पर भी मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

रेखा आर्या की शिकायत पर कैंट थाने में 15 अक्तूबर को गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कथित जालसाजी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंत्री ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप भी लगाया है। मामले की जांच एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है।
जांच के सिलसिले में एसआईटी बरेली और अन्य संभावित ठिकानों पर गिरधारी की तलाश कर चुकी है। टीम उनके परिजनों को भी नोटिस देकर जांच में सहयोग करने के लिए कह चुकी है। इसके बावजूद गिरधारी अब तक जांच टीम के सामने पेश नहीं हुए हैं। पुलिस उनकी तलाश के साथ मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें।

और पढ़े  अंकिता हत्याकांड: पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ पहुंचे कोर्ट, नार्को टेस्ट के लिए दी सहमति, वायरल ऑडियो पर भी बोले

एसआईटी प्रभारी जया बलोनी ने बताया कि जांच टीम पूछताछ में सामने आ रही जानकारियों और दस्तावेजी साक्ष्यों का मिलान कर रही है। गिरधारी की तलाश के साथ ही टीम का जोर शिकायत में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक पुष्टि करने पर है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

  • Related Posts

    HALDWANI- लालकुआं पुलिस ने 110 पाउच कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

        डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी…

    करवा चौथ 2026- करवा चौथ पर भद्रा कब से कब तक रहेगी? जानें समय..

    करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की खुशहाली की कामना…