उत्तराखंड: 1 व 2 नवंबर को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बाबा केदार के दर्शन करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक व दो नवंबर को उत्तराखंड दौरे पर आएंगी। राष्ट्रपति पहली बार बाबा केदार के दर्शन करने जाएंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शासन व प्रशासन सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं में जुट गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उत्तराखंड आने का कार्यक्रम है। इसकी पीएमओ से तिथि तय होनी बाकी है।

केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि 11 नवंबर को निर्धारित हुई है। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू केदारनाथ में पूजा-अर्चना करेंगी। बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर भ्रमण की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने केदारनाथ धाम पहुंचकर प्रस्तावित दौरे को लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा राष्ट्रपति के दौरे के लिए सभी व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उधर, शासन ने एम्स ऋषिकेश प्रशासन को पत्र भेज कर प्रदेश में वीआईपी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए चिकित्सा सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के लिए कहा है। एम्स प्रशासन को एंबुलेंस और चिकित्सा दल तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

रुद्रप्रयाग डीएम ने की बैठक

डीएम ने बताया कि नवंबर के प्रथम सप्ताह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए केदारनाथ धाम पहुंचकर प्रस्तावित भ्रमण के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के भ्रमण की तैयारियों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत और जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर आदि मौजूद रहे।

पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम पहुंचकर पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आस्थापथ, निर्माणाधीन गेस्ट हाउस, विभिन्न मार्गों और अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आगामी यात्रा से पहले अधिकाधिक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को अगले डेढ़ माह तक निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने को कहा। कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और अधिकारी आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी करें।

और पढ़े  उत्तराखंड: मां छोड़ गई, पिता की हालत ठीक नहीं, भीख मांगकर पालती थीं दादी, अब लौटी मासूमों की आवाज और मुस्कान
  • Related Posts

    उत्तराखंड: CM धामी की बड़ी घोषणा, पुलिस के 1600 पदों पर भर्ती जल्द, थानों का बजट होगा डबल

    पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस कल्याण के लिए आठ घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के रिक्त 1600 पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी।…

    दलेर मेहंदी विवाद: मंच पर दिखाई दिलेरी, विरोध के बाद नरम पड़े मंत्री के तेवर, बोले-मुझे लगा था नशे में हैं

    कुंजापुरी मेले में गायक दलेर मेहंदी को मंच पर फटकार लगाने के मामले में बॉलीवुड के विरोध के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के तेवर नरम पड़ गए हैं। अभिनेता…