पुलिस स्मृति दिवस परेड के अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के कल्याण और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें पुलिस विभाग के विभिन्न विंग में रिक्त पदों पर भर्ती से लेकर थानों के बजट में बढ़ोतरी और पुलिसकर्मियों के लिए सुविधाओं के विस्तार तक के कदम शामिल हैं।
इसके साथ ही पुलिस थानों में उपलब्ध पुलिस बल की समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के बाद जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि उपलब्ध बल का बेहतर तरीके से उपयोग किया जा सके। जांच व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
इसके अलावा देहरादून में पुलिस ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। पुलिसकर्मियों की शैक्षणिक और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस मॉडर्न स्कूल को अपग्रेड करने के साथ देहरादून स्थित पुलिस अस्पताल का भी उन्नयन किया जाएगा।








