मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में पारले-जी बिस्कुट फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के साथ ही परिसर में बचाव अभियान भी चलाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आग के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम की जांच और आकलन के बाद ही चल सकेगा।
जनहानि की सूचना नहीं
एएसपी के मुताबिक, फिलहाल घटना में किसी की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है। आग पर काबू पाने और स्थिति का जायजा लेने के लिए संबंधित टीमें मौके पर मौजूद हैं।








