कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 16-17 अक्टूबर को बंद रहेगा। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के मुताबिक प्रशासनिक कारणों के चलते यह फैसला लिया गया है। यह निर्णय कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 16 अक्तूबर के लिए सेंट्रल पार्क पर प्रस्तावित तिरंगा मार्च (लहरा दो तिरंगा) से पहले आया है।
प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां पहले ही राष्ट्रीय राजधानी में तैनात की जा चुकी हैं। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ नाम से प्रदर्शन का आह्वान किया है।
एक पुलिस सूत्र ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया जाएगा। बैरिकेड लगाए जाएंगे और प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ आम लोगों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जाएगा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कनॉट प्लेस निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं है।






