समाजवादी पार्टी से निष्कासित गोसाईगंज विधायक अभय सिंह 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होंगे। अमेठी के गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में वह भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। भाजपा में शामिल होने से पहले उन्होंने गोसाईगंज विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी भी जताई है। हालांकि, टिकट के मामले में पार्टी नेतृत्व के निर्णय को सर्वोपरि बताया है।अभय सिंह ने कहा कि गोसाईगंज से मौजूदा विधायक होने के नाते इस सीट पर उनका दावा रहेगा। पार्टी नेतृत्व उन्हें जहां से चुनाव लड़ने का निर्देश देगा, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए भाजपा की नीतियों में आस्था जताई।उन्होंने समाजवादी पार्टी पर रामचरितमानस जलाने की घटना का प्रभावी विरोध नहीं करने का आरोप भी लगाया। इसके अलावा अयोध्या विधानसभा सीट को लेकर भी उन्होंने बयान दिया। अभय सिंह ने दावा किया कि भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने वाला प्रत्याशी कम से कम 25 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगा। उनके मुताबिक, मजबूत प्रत्याशी होने पर जीत का अंतर एक लाख वोट तक पहुंच सकता है।अभय सिंह के भाजपा में शामिल होने और गोसाईगंज सीट पर दावेदारी से 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।







