कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर कमाई का खेल चला रहे होटल और होम स्टे संचालकों पर प्रशासन का डंडा चला है। शिकायतों और ओवर-रेटिंग की खबर के बाद हुई कार्रवाई में 26 इकाइयां कार्रवाई की जद में आईं जिनमें से22 पर जुर्माना लगाया गया। दो सील और चार को नोटिस थमाया गया। जांच में कहीं रेट लिस्ट गायब मिली तो कहीं पंजीकरण के बिना ही कमरे चल रहे थे।
नियमों से खिलवाड़ कर रहे 26 होटल और होम स्टे संचालक कार्रवाई की जद में आए। इनमें 22 इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया जबकि गंभीर अनियमितता व बिना पंजीकरण संचालन मिलने पर दो होम स्टे को तत्काल सील करने के निर्देश दिए गए। चार संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
दो होम स्टे पर सील की तलवार
गंभीर अनियमितताओं और बिना पंजीकरण संचालन पाए जाने पर हर्षित तिवारी होम स्टे और मारुति होम स्टे का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर हेमंत कुमार मेहता, कांसा माउंटेन, गिरी राज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनसे निर्धारित समय में जवाब मांगा गया है।
इन पर लगा 10 हजार रुपये का जुर्माना
चिराग होम स्टे, त्रिशुल होम स्टे, कृष्णा होम स्टे, मंजू पांडे पत्नी त्रिलोक चंद्र पांडे होम स्टे, रेखा बिष्ट, त्रिलोकी होम स्टे, माधवी होम स्टे, निर्मल रिजॉर्ट एवं कॉटेज, मां भगवती होम स्टे, रक्षिता होम स्टे, दीप्ति होम स्टे, कुंदन नेगी होम स्टे, शरद तिवारी होम स्टे, ऊर्बा दत्त तिवारी होम स्टे, होटल ट्रिनिटी, बाबा बेंसन रिजॉर्ट, होल मोनाल, सिद्धि गेस्ट हाउस, होटल ग्रीन वैली और होटल मोहन स्टे समेत कार्रवाई की गई इकाइयों पर जुर्माना लगाया गया है।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनपद के सभी क्षेत्रों में होटलों और होम स्टे का औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेगा और गड़बड़ी मिलने पर सीधे सील व मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी।
– कीर्ति चंद्र आर्या, पर्यटन अधिकारी नैनीताल।






