केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को राजस्थान के जोधपुर स्थित वायुसेना स्टेशन पहुंचे और बहुराष्ट्रीय वायु अभ्यास ‘तरंग शक्ति-2026’ के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। एयरबेस पहुंचने पर भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने अभ्यास में हिस्सा ले रही मित्र देशों की वायुसेनाओं के अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर एरोबैटिक टीम ने हवाई करतब दिखाए। टीम के पायलटों ने सटीक उड़ान और जटिल फॉर्मेशन के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान लड़ाकू विमानों की गर्जना और हेलीकॉप्टरों के करतबों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। रक्षा मंत्री ने सारंग टीम के प्रदर्शन की सराहना की। इस प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता और हवाई कौशल का प्रदर्शन किया गया।
‘तरंग शक्ति-2026’ का उद्देश्य विभिन्न देशों की वायुसेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना, संयुक्त अभियान की क्षमता विकसित करना और आधुनिक हवाई युद्ध रणनीतियों का आदान-प्रदान करना है। अभ्यास के दौरान जटिल सामरिक परिस्थितियों में संयुक्त प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विदेशी सैन्य अधिकारियों से भी बातचीत की। इस दौरान वैश्विक शांति और रणनीतिक स्थिरता बनाए रखने में संयुक्त सैन्य अभ्यासों की भूमिका पर चर्चा हुई। निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रक्षा मंत्री दोपहर बाद विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।






