कांगड़ा: मायके में फंदे से झूलती मिली 23 वर्षीय महिला, पति-ननद समेत चार पर FIR, मां का दहेज प्रताड़ना का आरोप

डमटाल क्षेत्र में मायके आई 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव रविवार सुबह उसके कमरे में पंखे के सहारे फंदे से झूलता मिला। मृतका की पहचान सिमरन शर्मा पुत्री ओम प्रकाश निवासी डमटाल के रूप में हुई है। सिमरन की शादी करीब छह माह पहले पंजाब के मुकेरियां क्षेत्र के मेहतावपुर निवासी अश्वनी शर्मा के साथ हुई थी। घटना के बाद मृतका की मां मधु के बयानों के आधार पर डमटाल पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं।

सुबह सामान्य थी दिनचर्या
परिजनों के अनुसार रविवार सुबह सिमरन सामान्य दिनचर्या के तहत उठी थी। उसने घर में झाड़ू-पोछा किया और मां के साथ मिलकर खाना भी बनवाया। इसके बाद मां ने उसे पठानकोट चलने के लिए तैयार होने को कहा। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब सिमरन काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई और आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने कमरे की कुंडी तोड़ी। कमरे के अंदर सिमरन पंखे से चुन्नी के सहारे लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल इंदौरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद डमटाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद नागरिक अस्पताल नूरपुर में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। नूरपुर से पहुंची जिला फॉरेंसिक यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने कमरे से आवश्यक भौतिक साक्ष्य और नमूने जुटाए। पुलिस के अनुसार कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।पति समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज
मृतका की मां मधु के बयानों के आधार पर पुलिस ने पति अश्वनी शर्मा, सास, ससुर और ननद के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2), 108 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और ससुराल पक्ष की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

और पढ़े  हिमाचल: ऊना के बल्क ड्रग पार्क से 16 हजार हिमाचलियों को मिलेगा रोजगार, 32 कंपनियों ने किया निवेश का करार
  • Related Posts

    हिमाचल: मंडी में सात वर्षीय सिख बच्चे के केश काटने पर FIR, दादा ने मां के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत

    सात वर्षीय सिख बच्चे के केश काटने को लेकर मंडी में विवाद गहरा गया है। मामला अब पुलिस थाने पहुंच गया है, जहां बच्चे के 72 वर्षीय दादा की शिकायत…

    हिमाचल: ऊना के बल्क ड्रग पार्क से 16 हजार हिमाचलियों को मिलेगा रोजगार, 32 कंपनियों ने किया निवेश का करार

    ऊना जिले के हरोली में बन रहे बल्क ड्रग पार्क से हिमाचल के युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर खुलेंगे। इस परियोजना में देश की 32 फार्मा कंपनियों ने…