बिहार में गंडक नदी का कहर: तड़के तीन बजे रिंग बांध टूटा, 3 दर्जन गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड में गंडक नदी के दबाव के बीच सरेया पंचायत के पांडेय टोला के पास मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन बजे रिंग बांध टूट गया। बांध टूटते ही गंडक नदी का पानी तेजी से आसपास के गांवों और खेतों में फैलने लगा। देखते ही देखते करीब तीन दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। सैकड़ों एकड़ में लगी फसल पानी में डूब गई है। अचानक बाढ़ का पानी फैलने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है।

सोमवार शाम से ही शुरू हो गया था रिसाव
ग्रामीणों के अनुसार, रिंग बांध में सोमवार शाम से ही रिसाव शुरू हो गया था। रिसाव की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने संभावित खतरे को देखते हुए बांध की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि जल संसाधन विभाग से बांध की मरम्मत के लिए आवश्यक बैग उपलब्ध कराने की मांग की गई, लेकिन समय रहते पर्याप्त सामग्री उपलब्ध नहीं हो सकी। रात में पानी का दबाव बढ़ने के बाद बांध का एक हिस्सा टूट गया और पानी तेजी से गांवों की ओर बढ़ गया।
तीन दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में
बांध टूटने से मिश्रौलिया, चटिया बड़हरवा, सरेया, पिपरा, नगदहा और चटिया चितमनपुर समेत करीब तीन दर्जन गांव प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई गांवों के आसपास पानी का फैलाव बढ़ता जा रहा है। खेतों में पानी भर जाने से धान समेत अन्य फसलों के डूबने से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। ग्रामीणों के सामने मवेशियों और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।
तीन जगहों पर सामुदायिक किचेन शुरू
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए तीन स्थानों पर सामुदायिक किचेन शुरू कराया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।

और पढ़े  छठ 2026: लोक आस्था के महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु

ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की मांग की
ग्रामीणों ने टूटे रिंग बांध की तत्काल मरम्मत कराने और पानी के फैलाव को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

  • Related Posts

    छठ 2026: लोक आस्था के महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु

    चार दिवसीय छठ महापर्व का आज तीसरा दिन है। खरना का महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया। रविवार सुबह से ही हर…

    बिहार: बाहुबली अनंत सिंह को विधानसभा से राहत, सदस्यता पर नोटिस का जवाब देने के लिए इस तारीख का वक्त

    बिहार की राजनीति में मोकामा विधायक अनंत सिंह से जुड़े दो अहम मामले चर्चा में हैं। एक तरफ दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनके सामने…