गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार की सुबह बाइक राइडर को टक्कर मारने के मामले में एक और नया खुलासा हुआ है। कार से टक्कर मारने और उस पर कमेंट करने की वारदात से पहले आरोपियों ने पूरी रात क्लब में पार्टी की थी। वारदात के दौरान कार चला रहा कल्याण, साथ में मौजूद लवनिश व इनके दो अन्य साथी शनिवार रात को ही पार्टी करने के लिए गुरुग्राम आए थे।
पार्टी करने के लिए कल्याण ने अपने परिचित की कार मांगी थी। यहां चारों दोस्त एमजी रोड स्थित एक क्लब में आए थे। रातभर पार्टी करने के बाद ये रविवार सुबह फरीदाबाद वापस जाने के लिए यहां से निकले थे।
पार्टी के नशे में चूर होकर चारों कार से गोल्फ कोर्स रोड पर पहुंचे तो इन्हें बाइकर ग्रुप में एक युवती दिखी। इसी दौरान आरोपियों ने युवती पर कमेंट किया और फिर उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा करने के दौरान ही महिला बाइकर को टक्कर मारकर कार भगा ले गए।
दो अन्य युवकों का पुलिस लगा रही पता
इस दौरान आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वारदात के दौरान कार में कल्याण व लवनिश के अलावा इनके दो अन्य साथी भी थे। वे दोनों बिहार के रहने वाले बताए गए हैं।
आरोपियों ने उनके नाम भी पुलिस को बताए हैं। सूत्र ने केस की संगीनता के चलते आरोपियों के नाम फिलहाल बताने से मना कर दिया। पुलिस अब उन दोनों युवकों की भूमिका का पता लगा रही है। संभव है कि जल्द ही उन्हें भी मामले में पुलिस गिरफ्तार करे।
आरोपियों को ले जाकर दोबारा दोहराए सीन
गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया (शिवानी चौहान) के साथ हुई हिट-एंड-रन और उत्पीड़न की वारदात में पुलिस की जांच तेज हो गई है। राजस्थान से गिरफ्तार कर गुरुग्राम लाए गए दोनों आरोपियों को अपराध शाखा की टीम मंगलवार रात सीधे गोल्फ कोर्स रोड लेकर पहुंची, जहां जांच के तहत सीन रिक्रिएशन कराया गया।
पुलिस आरोपियों को उन सभी स्थानों पर ले गई, जहां उन्होंने महिला पर कमेंट किए, उनका पीछा किया और वारदात के बाद कार लेकर भाग गए।
दोनों आरोपी दो दिन के रिमांड पर
गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों कल्याण बैंसला और लवनिश को बुधवार दोपहर जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर कार में मौजूद अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही वारदात के समय मौके से भागने तक की पूरी घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।
घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया था पोस्ट
सिया ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। सोमवार को वायरल वीडियो के आधार पर सेक्टर-56 थाना पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की। मंगलवार को पुलिस ने दिल्ली के कालकाजी स्थित सिया के घर पहुंचकर बयान दर्ज किए।
बाद में उन्हें गुरुग्राम लाकर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए गए और मेडिकल कराया गया। पुलिस ने सोमवार को ही कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा के पास से गिरफ्तार किया था। उसके साथ कार में मौजूद लवनिश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। दोनों आरोपी अब पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
एक्शन पॉइंट : क्या हुआ अब तक?
वारदातः 13 सितंबर (रविवार) सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर महिला राइडर सिया का पीछा कर कार से मारी थी टक्कर।
गिरफ्तारीः आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर गुरुग्राम पुलिस ने राजस्थान (दौसा) से दबोचा।
सख्त धाराएं : मामले की गंभीरता देखते हुए बीएनएस की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और 78 (स्टॉकिंग) जोड़ी गई।
जांच : मंगलवार रात पुलिस ने आरोपियों को वारदात वाली जगह ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया।
गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित हो गई है। एसीपी सीएडब्ल्यू (क्राइम अगेंस्ट वीमेन) सुशीला देवी की अगुवाई में ये एसआईटी पूरे मामले की जांच करेंगी। एसीपी के अलावा इस टीम में सेक्टर-56 थाना एसएचओ इंस्पेक्टर मनोज यादव, सीआईए सोहना इंचार्ज एसआई बिनय व दो एएसआई को शामिल किया गया है।

मिलेनियम सिटी में इस तरह की घटना ने सबको शर्मसार कर दिया है। पुलिस को इस मामले में आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही शहर का सुरक्षा खाका ऐसा होना चाहिए, जिसमें आरोपी को तुरंत पकड़ा जा सके। राजरानी मलहोत्रा, मेयर, नगर निगम गुरुग्राम
रविवार सुबह महिला राइडर सिया अपने साथियों के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। आरोप है कि सफेद रंग की सियाज कार में सवार युवकों ने उनका पीछा किया और विरोध करने पर जानबूझकर बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।





