Post Views: 22,552
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के पहाड़ी इलाके मजालता में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है।सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं। हालांकि, अभी आतंकियों के ढेर होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम मजालता तहसील मुख्यालय से रामकोट के बिलावर मार्ग पर खुबन इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। देर रात सुरक्षा बलों और आतंकियों का आमना-सामना हुआ।
इस दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। सुरक्षा बलों रॉकेट भी दागे। बताया जा रहा है कि कार्रवाई में दो आतंकी ढेर हो गए। हालांकि अभी तक उनके शव बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस ने भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अभियान में पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) सहित अन्य सुरक्षा बल संयुक्त रूप से शामिल हुए हैं। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। सुरक्षा बलों ने फिलहाल क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है। सुरक्षा बल को पिछले कुछ समय से मजालता के खुबन इलाके में सात से आठ आतंकियों की मौजूदगी की अपुष्ट सूचनाएं मिल रही थीं।