पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए सेशन 2026-27 के लिए हाल ही में की गई फीस बढ़ोतरी को पूरी तरह वापस लेने का फैसला किया है। अब ट्यूशन/कोर्स फीस, रजिस्ट्रेशन फीस और हॉस्टल फीस का ढांचा पिछले अकादमिक सेशन की तरह ही रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को सस्ती और आसानी से उपलब्ध उच्च शिक्षा प्रदान करना यूनिवर्सिटी का लंबे समय से चला आ रहा उद्देश्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित फीस बढ़ोतरी पूरी तरह वापस ली गई है। इसके चलते अकादमिक सेशन 2026-27 में फीस का ढांचा पिछले सत्र के स्तर पर ही कायम रहेगा।
डॉ. जगदीप सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की भलाई और उनके अकादमिक हित यूनिवर्सिटी की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी इस समय गंभीर वित्तीय चुनौतियों से गुजर रही है, लेकिन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई भी योग्य विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।
यूनिवर्सिटी के इस फैसले को छात्र वर्ग की चिंताओं को दूर करने और सस्ती, समावेशी व आसानी से उपलब्ध उच्च शिक्षा के प्रति अपने वादे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







