केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार शाम लुधियाना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) की भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला।
शाह ने कहा कि आज की विजयादशमी मैं अपने जीवन में कभी भुला नहीं पाऊंगा। आज मैं गुरदासपुर, संगरूर और मानसा… पंजाब के इन तीन स्थानों पर जाकर आया हूं।
गुरदासपुर में 40 वर्षीय विक्रमजीत सिंह, संगरूर में गुलजार सिंह और मानसा में परविंदर सिंह झोटा… इन तीनों को नशे के खिलाफ लड़ाई के कारण या तो अपनी जान गंवानी पड़ी है या आत्महत्या करनी पड़ी है।
मगर आज मैं आप सभी के माध्यम से देश की जनता और विशेषकर पंजाब की जनता को बताना चाहता हूं कि मैंने कभी भी अपने आपको इतना दुखी महसूस नहीं किया है। यहां लोगों ने जो पंजाब की स्थिति बताई वो दिल्ली के कागजों की रिपोर्ट में जो पढ़ते थे, इससे कई गुना ज्यादा झंझोर कर रख देने वाली ये घटना है। आज मैं यहां आप सरकार से पूछना चाहता हूं कि किसी ने बेटा खोया है, किसी ने भाई खोया है, किसी ने पति खोया है… इसका आप सरकार के पास क्या जवाब है? बहाना बताने के अलावे मैंने आज तक कोई जवाब नहीं सुना।
मैं जब पहले पंजाब में आया था तब मैं भाजपा की नशा मुक्त पंजाब की रैली को संबोधित करने आया था। मैं आया था नशे के कारोबार को समाप्त करने की अपील करने, लेकिन उल्टा मुझ पर ही आरोप मढ़ दिया।
मैं उनको केवल इतना ही कहना चाहता हूं कि मुझे अपशब्द कहने से कुछ नहीं होगा। अगर आपको संतुष्टि मिलती है तो कहें, लेकिन नशे के कारोबार को तो समाप्त कीजिए, चिट्टे के कारोबार को तो समाप्त कीजिए।








