Post Views: 16,591
बिहार के बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में सावन की सोमवारी पर गंगा स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में लापता चार बच्चियों में से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं। बरामद शवों की पहचान बबली कुमारी, नंदनी कुमारी और राधिका कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, चौथी लापता बच्ची आरती कुमारी की तलाश अभी भी जारी है। हादसा रानीसराय गांव के पास सोमवार सुबह हुआ था, जब सात बच्चियां एक साथ गंगा स्नान करने पहुंची थीं।
गंगा स्नान के दौरान एक-एक कर डूबने लगीं बच्चियां
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब पांच बजे की है। सावन की सोमवारी को लेकर रानीसराय गांव की सात बच्चियां एक साथ गंगा नदी में स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान एक बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चियां भी पानी में आगे बढ़ गईं। देखते ही देखते सातों बच्चियां डूबने लगीं।
बच्चियों को डूबता देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने किसी तरह तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि चार बच्चियां गहरे पानी में लापता हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कराई।
तीन बच्चियों के शव बरामद, चौथी की तलाश जारी
लापता बच्चियों में से बबली कुमारी, नंदनी कुमारी और राधिका कुमारी के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, आरती कुमारी (14) की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस, स्थानीय गोताखोर और प्रशासन की टीम नदी में लगातार खोज अभियान चला रही है। एसडीआरएफ की टीम को भी बचाव अभियान में लगाया गया है। लापता बच्चियों की पहचान रानीसराय निवासी राधिका कुमारी (16), पिता कमलेश चंद्रवंशी, आरती कुमारी (14), नंदनी कुमारी (17), दोनों पिता अवधेश चंद्रवंशी और बबली कुमारी, पिता मंटू चंद्रवंशी के रूप में हुई थी।
अवैध खनन से बने गड्ढे में डूबने का दावा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंगा नदी में कथित अवैध खनन के कारण नदी के किनारे और पानी के भीतर गहरे गड्ढे बन गए हैं। उनका कहना है कि स्नान के दौरान बच्चियां इसी गहरे हिस्से में चली गईं और हादसा हो गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
थानाध्यक्ष बोले- एक बच्ची को बचाने में सभी पानी में आगे बढ़ीं
बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि सभी बच्चियां सोमवार सुबह गंगा नदी में स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के दौरान एक बच्ची अचानक डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चियां भी पानी में आगे बढ़ गईं और एक-एक कर डूबने लगीं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में लापता बच्चियों में से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक बच्ची की तलाश अभी जारी है। स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस-प्रशासन की टीम खोजबीन में जुटी है और एसडीआरएफ की टीम भी अभियान में शामिल है।