नैनीताल के एक दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र से माहवारी समय पर नहीं आने की शिकायत लेकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंची 17 वर्षीय किशोरी की जांच में उसके गर्भवती होने का मामला सामने आया है। स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाने पर किशोरी ने करीब छह माह से माहवारी नहीं आने की बात कही। चिकित्सक ने उसे अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद चिकित्सक भी हैरान रह गए।
नाबालिग होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी। हालांकि पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोरी वहां से चली गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। मामले को नाबालिग से जुड़ा होने के कारण गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस किशोरी और उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है और परिस्थितियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना मिली है। मामले की जानकारी जुटाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






