प्रदेश में 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के घर-घर जाकर बीएलओ एसआईआर संबंधी नोटिस का निस्तारण करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को कुमांऊ-गढ़वाल के मंडल आयुक्तों सहित सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि किसी एक मतदाता की ओर से पांच से अधिक मामलों में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा रही हैं तो इसके लिए नियत प्रावधानों के अनुसार ईआरओ खुद अपने स्तर विधिवत जांच एवं सत्यापन की कार्रवाई करें। उन्होंने आयुक्त कुमांऊ दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप को अपने-अपने मंडलों में स्वयं जिलावार भ्रमण कर सुपर चेकिंग के निर्देश दिए।







