साइबर जालसाजों ने सेक्टर-21 स्थित जलवायु विहार निवासी सेवानिवृत्त नेवी अधिकारी को शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर 2.23 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने खुद को प्रतिष्ठित ब्रोकरेज कंपनी अपस्टॉक्स का प्रतिनिधि बताकर पहले व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया, फिर फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया। इसके बाद ठगी की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहां अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इस तरह के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं और कंपनी का नाम व लोगो इस्तेमाल कर साइबर अपराधी लोगों से ठगी कर रहे हैं। इसके बाद पीड़ित ने नोएडा साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि जांच के दौरान उन सभी बैंक खातों का विवरण जुटाया जा रहा है, जिनमें पीड़ित ने रकम ट्रांसफर की गई है।
फर्जी ट्रेडिंग एप से ठगी में तेजी
साइबर एक्सपर्ट व पूर्व आईपीएस प्रो. त्रिवेणी सिंह ने बताया कि हाल के महीनों में फर्जी ट्रेडिंग ऐप और निवेश के नाम पर साइबर ठगी के मामलों में तेजी आई है। साइबर अपराधी प्रतिष्ठित ब्रोकरेज कंपनियों के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर लोगों का विश्वास जीतते हैं।
निवेश से पहले बरतें ये सावधानियां
- किसी भी व्हाट्सएप, टेलीग्राम या सोशल मीडिया लिंक से ट्रेडिंग एप डाउनलोड न करें।
- केवल संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत एप स्टोर से ही एप्लिकेशन डाउनलोड करें।
- निवेश से पहले यह सुनिश्चित करें कि प्लेटफॉर्म सेबी से पंजीकृत है।
- अत्यधिक मुनाफे का दावा करने वाले ऑफर से सावधान रहें। निकासी के लिए सर्विस फीस या शुल्क मांगने पर तुरंत सतर्क हो जाएं।
- साइबर ठगी की आशंका होने पर 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।







