बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी के समीप स्थित भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे और बड़े-बड़े बोल्डरों को हटाने के लिए एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से मशीनें लगाई गईं, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे हजारों तीर्थयात्रियों को जाम में फंसकर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी ने एनएचआईडीसीएल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भूस्खलन क्षेत्र में मलबा और बोल्डर हटाने का कार्य दिन के बजाय रात्रि में किया जाना चाहिए, ताकि चारधाम यात्रा प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि दिन में काम होने से रोजाना लंबा जाम लग रहा है और तीर्थयात्रियों को अनावश्यक परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने भी हाईवे पर यातायात प्रबंधन बेहतर करने की मांग की है।








