राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ा है। मंगलवार तड़के राजधानी के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में अगले दो दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों के लिए भारी बारिश का भी अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। राजधानी के अधिकांश हिस्सों में सुबह से दोपहर तक तेज बारिश और आंधी जैसे हालात बनने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार और बुधवार को भी मौसम सक्रिय बना रहेगा।
आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान
विभाग ने 21 व 22 जुलाई को यलो अलर्ट जारी किया है। 21 को हल्की से मध्यम व कुछ स्थानों पर भारी बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अनुमान है। 22-23 को भी बादल व हल्की बारिश रहेगी, जबकि 24-25 को मौसम में सुधार के बावजूद बादल बने रहेंगे। अधिकतम तापमान 31-34 व न्यूनतम 21-27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
बारिश से दिल्ली की रफ्तार थमी, कई इलाकों में लगा लंबा जाम
सोमवार को हुई बारिश ने जहां दिल्लीवासियों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं कई इलाकों में लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और वाहनों की धीमी रफ्तार से सुबह और शाम के समय कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लगा रहा सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में आईटीओ, मिंटो ब्रिज, रिंग रोड, धौलाकुआं, नारायणा, द्वारका, जनकपुरी, उत्तम नगर, नवादा, आश्रम चौक, सराय काले खां, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, विकास मार्ग, लक्ष्मी नगर, करोल बाग, रोहिणी, आजादपुर, पीरागढ़ी और पंजाबी बाग शामिल रहे। कई जगहों पर पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा।








