देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और कई अन्य राज्यों के किसान महापंचायत के लिए दिल्ली कूच पर निकल पड़े हैं। दिल्ली के किसान घाट पर भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करवाने समेत किसानों की मांगो को लेकर विशाल महारैली का आयोजन किया जाएगा।
सोनीपत हाई अलर्ट पर, हल्दाना से कुंडली बॉर्डर तक पुलिस का कड़ा पहरा
पुलिस को आशंका है कि गन्नौर और गोहाना क्षेत्र से भी किसान जत्थों के रूप में दिल्ली की ओर रवाना हो सकते हैं। इसी को देखते हुए इन इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, जबकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना है। स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर रखे हुए हैं।
दिल्ली-यूपी बॉर्डर किया गया सील
मंगलवार को किसानों के दिल्ली पहुंचने को लेकर यूपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। सोमवार देर रात से ही पुलिस ने यूपी गेट, सीमा बॉर्डर, दिल्ली-यूपी अप्सरा बॉर्डर, समेत कई स्थानों पर कड़ी चेकिंग शुरू कर दी थी। वहीं, मंगलवार सुबह तड़के से गाजियाबाद के इंदिरापुरम, खोड़ा, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन, टीलामोड समेत कई थानों की पुलिस ने बॉर्डर सील कर दिए। इस दौरान कई इलाकों में भारी जाम की समस्या भी बनी हुई है। प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि चेकिंग के बाद वाहनों को दिल्ली की तरफ भेजा जा रहा है।








