देहरादून Hospital: ओपीडी बिल्डिंग में चोरों का उत्पात, ताले तोड़े, बेसिन फोड़े, टोटियां भी चुरा ले गए चोर

दून अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग में बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात चोरों ने खूब उत्पात मचाया। कई घंटे तक चोर शौचालयों और कमरों के ताले तोड़ने का प्रयास करते रहे। किसी भी सुरक्षाकर्मी को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले का खुलासा सुबह के समय हुआ जब ओपीडी के लिए कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। शौचालय में कई बेसिन टूटे पड़े थे। इस मामले में पुलिस शिकायत के साथ ही प्रबंधन ने जांच बैठा दी है। घटना के बाद से अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक रात के समय कुछ लोग सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर ओपीडी भवन में दाखिल हो गए। वे एक-एक कर कई जगहों पर गए। जब उन्हें कुछ सामान नहीं मिला तो वे दूसरी मंजिल पर मौजूद शौचालय में पहुंचे। उन्होंने शौचालय का ताला तोड़ा। अंदर पहुंचकर पहले उन्होंने टोटियां निकालने का प्रयास किया। नहीं निकलीं तो उन्होंने हैंड बेसिन तोड़ना शुरू किया। उन्होंने एक-एक कर सभी चार बेसिन तोड़ डाले। यह सब करीब दो घंटे तक चला।
इसके अलावा चोरों ने अन्य जगहों पर भी चोरी करने का प्रयास किया लेकिन ताले न टूट पाने की वजह से दूसरी जगह वे चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे पाए। चोर काफी देर तक ओपीडी भवन के अंदर इधर से उधर चक्कर काटते रहे। इस बात की किसी को भनक तक नहीं लगी। जबकि ओपीडी के गेट पर गार्ड रूम में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। यह पहली बार नहीं है जब दून अस्पताल से चोरी की कोई घटना सामने आई हो। इससे पहले कई बार मरीजों-तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

करीब दो महीने पहले सर्जरी विभाग के चार अलग-अलग स्वास्थ्यकर्मियों का सामान एक ही दिन में चोरी हुआ था। इसके अलावा कई बार ऐसे संदिग्ध लोगों को भी पकड़ा गया जो मरीजों के साथ ओपीडी की लाइन में लगकर चोरी करने की फिराक में थे। इतना ही नहीं कुछ महीने पहले अस्पताल में एक फर्जी महिला सुरक्षाकर्मी पकड़ी गई थी। उस पर बच्चा चोरी की घटना को अंजाम देने की कोशिश करने का इल्जाम लगा था।

पासवर्ड भूले, नहीं मिला सीसीटीवी फुटेज
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब प्रबंधन के अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज निकालने के लिए कहा तो आईटी के कर्मचारी कंप्यूटर ही नहीं खोल पाए। उन्हाेंने पासवर्ड भूल जाने की बात कही। प्रबंधन पासवर्ड को रीसेट कर फुटेज निकालने का प्रयास कर रहा है।

और पढ़े  उत्तराखंड: राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड से BJP के प्रत्याशी का नाम घोषित, दिनेश आर्य को टिकट

चोरी की घटना को अस्पताल ने प्रमुखता से संज्ञान लिया है। इस मामले में पुलिस में शिकायत की गई है। जल्द ही अस्पताल में सुरक्षाकर्मी बढ़ाए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया चल रही है। अस्पताल का फैलाव अधिक होने से सही ढंग से निगरानी नहीं हो पा रही है। सुरक्षाकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए है।
– डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट, चिकित्सा अधीक्षक, दून अस्पताल

  • Related Posts

    तीन लोगों को हत्या: जिस घर में चल रही थी दिवाली की तैयारी, वहां बह रहा आंसुओं का सैलाब

    रायपुर के विष्णुलोक कॉलोनी में जिस घर में दिवाली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। जिस घर को त्योहार से पहले सजाने-संवारने में कपूर दंपती जुटा…

    भांजे ने दो मामा के साथ की ठगी: निवेश के नाम पर लगाया 1.65 करोड़ का चूना, पॉवर ऑफ अटॉर्नी भी बेची

    भांजे ने अपने दो मामा से निवेश के नाम पर 1.65 करोड़ रुपये ठग लिए। जब पीड़ितों ने अपना हिसाब मांगा तो टाल मटोल करने लगा। इस बीच पता यह…