देहरादून- अधिकारियों की लापरवाही से हुआ मेस घोटाला, जांच पूरी, शासन को सौंपी गई रिपोर्ट

दून मेडिकल कॉलेज में अधिकारियों की लापरवाही से करीब 80 लाख रुपये का मेस घोटाला होने की बात सामने आई है। शुक्रवार को निदेशालय की उच्च स्तरीय कमेटी ने इसकी जांच पूरी कर शासन को रिपोर्ट सौंप दी है। जांच में कई स्तरों पर गंभीर अनियमितताएं और लापरवाही सामने आई हैं। जल्द ही बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई होने की संभावना है।

 

करीब एक माह पूर्व दून मेडिकल कॉलेज की मेस व्यवस्था में वित्तीय गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य निदेशालय ने इसकी जांच शुरू कराई थी। जांच के दौरान मेस संचालन, भुगतान प्रक्रिया और निगरानी तंत्र से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल की गई।

सूत्रों के अनुसार जांच में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों की ही नहीं, बल्कि निगरानी और नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों की भूमिका और लापरवाही भी सामने आई है। रिपोर्ट में कई प्रक्रियागत खामियों और नियमों के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।

 

स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. अजय आर्य ने जांच पूरी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी तथ्यों को संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में कई स्तरों पर अनियमितताएं सामने आई हैं और इसकी जानकारी शासन को दे दी गई है। अब शासन स्तर पर रिपोर्ट का परीक्षण किया जा रहा है। माना जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई, निलंबन या अन्य कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।

और पढ़े  मां की अंतिम विदाई में रो पड़े CM योगी: बार-बार आंसू पोंछते नजर आए, हरिद्वार के लिए निकली अंतिम यात्रा

दून मेडिकल कॉलेज के इस मामले ने सरकारी संस्थानों में वित्तीय पारदर्शिता और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की नजर अब शासन के फैसले पर टिकी है, जिससे यह तय होगा कि इस फर्जीवाड़े के लिए आखिर किन-किन लोगों की जवाबदेही तय की जाती है।

  • Related Posts

    हरिद्वार- कार्तिक पूर्णिमा स्नान आज: हरिद्वार हरकी पैड़ी समेत घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़, गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

    कार्तिक पूर्णिमा का पर्व हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि पर देशभर में श्रद्धालु पूजा-पाठ, दीपदान और दान-पुण्य करते हैं। इस दिन पवित्र…

    हल्द्वानी- किशोरी से दुष्कर्म मामला: होटल त्रिशूल पर चला बुलडोजर, रसोई और स्टोर का हिस्सा ध्वस्त

    हल्द्वानी के मुखानी कोतवाली क्षेत्र स्थित होटल त्रिशूल पर मंगलवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। कार्रवाई में होटल के रसोईघर और स्टोर के हिस्से को ध्वस्त किया गया। प्रशासन के…