चीन की कोयला खदान में हादसा- गैस विस्फोट में गई 90 लोगों की जान, कई मजदूर अभी भी फंसे

Spread the love

चीन के उत्तरी प्रांत शांक्सी में एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया के अनुसार हादसा शुक्रवार शाम चांगझी शहर स्थित लिउशेन्यू कोयला खदान में हुआ, जहां विस्फोट के समय बड़ी संख्या में मजदूर भूमिगत काम कर रहे थे।

कितने मजदूरों के फंसे होने की आशंका?

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में करीब 247 मजदूरों के खदान में फंसे होने की आशंका जताई गई थी। शनिवार सुबह एजेंसी ने पहले आठ लोगों की मौत और 38 मजदूरों के फंसे होने की जानकारी दी थी, बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 82 हो गई। लेकिन शनिवार शाम तक मृतकों की संख्या बढ़कर 90 हो गई।

राष्ट्रपति जिनपिंग ने दिए कई निर्देश

हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। बचाव दल लगातार खदान के भीतर फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने घायलों के इलाज और फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।

विस्फोट की असली वजह अब भी नहीं साफ 

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। सरकारी मीडिया के मुताबिक, खदान का संचालन करने वाले अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि विस्फोट की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच में खदान के अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का स्तर तय सीमा से काफी ज्यादा पाया गया। यह गैस बेहद जहरीली और बिना गंध वाली होती है, जो बंद जगहों में जानलेवा साबित हो सकती है।

और पढ़े  नेपाल: त्रिशूली नदी के उफान में झूला पुल बहा, 400 परिवारों का रास्ता बंद

हादसे के बाद चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने राहत कार्य के लिए छह रेस्क्यू टीमों के 345 कर्मचारियों को मौके पर भेजा है। बचाव दल लगातार मलबा हटाने और खदान के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख, राष्ट्रपति शी जिनपिंग को भेजी संवेदना

चीन के शांक्सी प्रांत में हुए भीषण कोयला खदान हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में बड़ी संख्या में मजदूरों की मौत होने की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और वहां के नागरिकों के प्रति संवेदना प्रकट की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि चीन के शांक्सी प्रांत में हुए खनन हादसे में लोगों की मौत की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने भारत की जनता की ओर से राष्ट्रपति शी जिनपिंग और चीन के लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति मिले और जो लोग अब भी लापता हैं, उनकी जल्द और सुरक्षित बरामदगी हो।

पहले भी हुआ था ऐसा हादसा

गौरतलब है कि 2000 के दशक की शुरुआत में चीन की कोयला खदानों में ऐसे घातक हादसे आम थे। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा मानकों को सख्त किया गया है, लेकिन इस ताजा हादसे ने एक बार फिर खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Spread the love
  • Related Posts

    एशियाड 2026: मां-बाप खो चुकी बेटी का एशियाई खेलों से कटा नाम, अरुणाचल के CM ने खेल मंत्री से लगाई गुहार

    Spread the love

    Spread the loveएशियाई खेलों में अरुणाचल प्रदेश के खिलाडि़यों की भागीदारी फिर विवादों में है। तीन वर्ष पूर्व हांगझोउ एशियाई खेलों के लिए वुशु के तीन खिलाडि़यों को चीन ने…


    Spread the love

    अमेरिका: ग्रैंड कैन्यन में अचानक आई बाढ़, 15 लोग लापता, 62 को सुरक्षित निकाला, वीडियो में दिखी तबाही

    Spread the love

    Spread the loveअमेरिका के ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक आई बाढ़ के बाद करीब 15 लोगों के लापता होने की खबर है। अचानक आई बाढ़ ने ब्राइट एंजेल कैन्यन…


    Spread the love