उत्तराखंड मौसम: पहाड़ों में बूंदाबांदी से मैदान में गिरा पारा, आज भी ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी

बीते कुछ दिनों से परेशान कर रही गर्मी के बीच मौसम बदला तो मैदान से लेकर पहाड़ तक लोगों को बड़ी राहत मिली। मंगलवार सुबह पहाड़ी क्षेत्रों में हुई हल्की बूंदाबांदी का असर मैदानों में भी साफ दिखाई दिया। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य हुआ तो चुभती-जलती गर्मी से बड़ी राहत मिली।

 

दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे और शाम होते-होते ठंडी हवाओं ने वातावरण को और भी सुहाना बना दिया। तेज धूप और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम के इस बदले मिजाज से बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही भी बढ़ी नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हुई हल्की बारिश और बादल छाने से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे गर्मी का असर सीमित रहेगा।

 

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की मौसमी गतिविधियां पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो रही हैं जो पहाड़ों में वर्षा और मैदानों में ठंडी हवाओं की वजह बन रही हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो मंगलवार को दून में दिन का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री के साथ सामान्य रहा। इससे पहले सोमवार को यह आंकड़ा 37.9 डिग्री दर्ज किया गया था। उधर नई टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री गिरावट के साथ 25.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया हालांकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। 

और पढ़े  जरूरी खबर: यहां दो दिन ट्रेनों का आवागमन प्रभावित, बढ़ेगी मुश्किल, प्लेटफार्म भी बदलेंगे

आज भी ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी

प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बुधवार को भी ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज दौर की बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो चार मई तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने के आसार हैं।

  • Related Posts

    निठारी कांड: परिजनों की आशंका, 7 फीट का खोखा, दो गाठ वाली रस्सी, सुरेंद्र ने कैसे की आत्महत्या? बताया साजिश

    अल्मोड़ा से सुरेंद्र कोली का शव लेने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत और परिजनों ने इस घटना में साजिश होने की आशंका जताई…

    लाइसेंस होटल का, चल रहा था रेस्टोरेंट: एक ही बर्तन में पक रहा था वेज-नॉनवेज, मीट बिक्री पर लगी रोक

    खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार को जिले में बड़ी कार्रवाई की है। इसमें होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, नमकीन इकाइयों और किराना प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर गंभीर अनियमितताओं पर कई…