अयोध्या: आस्था के साथ राममंदिर में धन का प्रवाह भी जारी, बीते एक साल में हुई 220 करोड़ की आय

वित्तीय वर्ष 2025-26 में श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट को करीब 220 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है। यह आय पूरी तरह श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर को दिए गए दान और चढ़ावे पर आधारित है, जिसमें रामलला की हुंडी (दान पात्र) सबसे बड़ा स्रोत बनकर उभरी है। मंदिर ट्रस्ट सूत्रों के अनुसार, एक अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक के आंकड़ों की रिपोर्ट 21 मार्च को हुई ट्रस्ट बैठक में प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, रामलला की हुंडी में सबसे अधिक 54.79 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाता है।

 

इसके अलावा दान काउंटर से 18.88 करोड़ रुपये, ऑनलाइन माध्यम से 8.33 करोड़ रुपये का योगदान मिला। वहीं एफसीआरए (विदेशी दान) के तहत मात्र 78 लाख रुपये ही प्राप्त हुए, जो इस वर्ष सबसे कम रहा। कुल मिलाकर विभिन्न माध्यमों से 82.78 करोड़ रुपये दान के रूप में आए।

मंदिर ट्रस्ट को बैंक में जमा राशि पर करीब 138 करोड़ रुपये का ब्याज भी प्राप्त हुआ, जिससे कुल आय बढ़कर 220.81 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। राम मंदिर की पूरी व्यवस्था श्रद्धालुओं के दान पर ही आधारित है। यहां दर्शन से लेकर सभी सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क हैं। मंदिर निर्माण से लेकर परिसर के अन्य प्रकल्प भी श्रद्धालुओं के निधि समर्पण से ही साकार हो रहे हैं। मंदिर परिसर में गर्भगृह से लेकर प्रवेश मार्ग तक छह से आठ दान पात्र स्थापित हैं, लेकिन सबसे अधिक चढ़ावा गर्भगृह में स्थित रामलला की हुंडी में ही अर्पित किया जा रहा है। 

और पढ़े  UP-सितंबर के पहले ही दिन प्रदेश में रिकॉर्ड बारिश, टूटा 125 साल पुराना रिकॉर्ड, इन जिलों के लिए अलर्ट जारी

राम यंत्र स्थापना से बढ़ेगी आय की संभावनाएं

अर्थशास्त्री प्रो. विनोद श्रीवास्तव के अनुसार, राम मंदिर की आय का सीधा संबंध श्रद्धालुओं की संख्या और विशेष धार्मिक आयोजनों से जुड़ा होता है। वर्तमान में प्रतिदिन 70 से 80 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे औसतन 70 लाख रुपये प्रतिदिन की आय हो रही है, जिसे वे एक मजबूत और संतुलित स्थिति मानते हैं। प्रो. श्रीवास्तव का कहना है कि मंदिर में स्थापित राम यंत्र आने वाले समय में श्रद्धालुओं के आकर्षण का नया केंद्र बनेगा। इससे दर्शनार्थियों की संख्या में और वृद्धि होगी, जिसका सीधा सकारात्मक असर मंदिर की आय पर पड़ेगा। जैसे-जैसे मंदिर परिसर में नए आयाम जुड़ते जाएंगे, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की आस्था और दान में भी स्वाभाविक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

ट्रस्ट के बैंक खातों में 1940 करोड़ जमा

बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में ट्रस्ट के बैंक खातों की भी जानकारी दी गई है। बताया गया है कि एसबीआई बैंक में 809 करोड़ रुपये जमा हैं। जबकि पंजाब नेशनल बैंक में करीब 662 करोड़ की धनराशि जमा की गई है। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा में 327 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। ट्रस्ट ने म्यूच्युल फंड में 87 करोड़ व आटो स्वैप में भी 58 करोड़ रुपये सुरक्षित किए गए हैं। इस तरह ट्रस्ट के बैंक खातों में लगभग 1940 करोड़ रुपये सुरक्षित किए गए हैं।

  • Related Posts

    अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली बैठक शुरू, नई व्यवस्था पर मंथन

    श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में नई जिम्मेदारियां तय होने के बाद गुरुवार को नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली बैठक शुरू हो गई है। रामघाट स्थित कार्यशाला के श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र…

    वाराणसी में बाढ़: PM मोदी ने डीएम से फोन पर ली जानकारी, राहत शिविरों की व्यवस्थाओं पर की चर्चा

    काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से टेलीफोन पर वार्ता कर वाराणसी में बाढ़ की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने गंगा…