कक्षा 6 की छात्रा से छेड़खानी: किशोरी ने विरोध किया, चलते ऑटो से फेंक दीं, सड़क पर गिरकर हुई घायल

आगरा के ताजगंज क्षेत्र के स्कूल से परीक्षा देकर सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे ऑटो से घर लौट रही कक्षा छह की छात्रा से चालक ने छेड़खानी की। साहस दिखाते हुए छात्रा आरोपी शमसुद्दीन से भिड़ गई और शोर मचाना शुरू कर दिया। डरकर आरोपी ने उसे चलते ऑटो से फेंक दिया। सड़क पर गिरने से छात्रा घायल हो गई। आसपास के लोगों ने पीछा कर ऑटो रुकवाया और चालक को दबोचकर पिटाई कर दी, फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

 

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि 12 वर्षीय छात्रा थाना एकता क्षेत्र की रहने वाली है। उसके पिता कबाड़ का काम करते हैं। वह पुरानी मंडी स्थित एक विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ती है। सोमवार को परीक्षा देने स्कूल गई थी। घर लौटते समय कैलाश टॉकीज के पास एक ऑटो में बैठी। उसमें पहले से तीन-चार सवारियां थीं।

आरोप है कि बसई सब्जी मंडी के पास जब बाकी सवारियां उतर गईं और छात्रा अकेली रह गई तो ऑटो चालक गढ़ी नवलिया निवासी शमसुद्दीन उसके साथ छेड़खानी करने लगा। उसका हाथ पकड़ लिया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। छात्रा ने हिम्मत दिखाई और शोर मचा दिया तो आरोपी ने उसे ऑटो से धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने से छात्रा के सिर, हाथ और पैरों में चोट आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीसीपी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वह तोरा इलाके से ताजगंज तक ऑटो चलाता है।

रास्ता बदलने का भी किया प्रयास
छात्रा ने पुलिस को बताया कि ऑटो में जब वह अकेली रह गई तो आरोपी चालक ने फायदा उठाने की कोशिश की। उसने रास्ता बदलने का भी प्रयास किया था। यह देखकर उसने विरोध शुरू कर दिया तो आरोपी छेड़खानी करने लगा। हिम्मत दिखाते हुए उसने शोर मचा दिया तो आरोपी ने धक्का दे दिया। घटना के बाद से छात्रा दहशत में है। मां उसे संभाल रही हैं। पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी ने बेटी की जान लेने की कोशिश की है। गनीमत रही कि वह किसी वाहन की चपेट में नहीं आई। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
और पढ़े  अयोध्या- समाजवादी व्यापार सभा का 26 सितंबर को PDA व्यापारी सम्मेलन आयोजित होगा

ठंडे बस्ते में ऑटो चालकों के सत्यापन और क्यूआर कोड का अभियान
आगरा। पुलिस ने ऑटो गैंग की लूट और छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऑटो चालकों के सत्यापन का अभियान शुरू किया था। योजना बनाई गई थी कि अलग-अलग रोड पर चलने वाले ऑटो पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। हर ऑटो पर पुलिस और अन्य हेल्पलाइन नंबर लिखा जाएगा। ऑटो मालिक से लेकर चालक की सारी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। निर्धारित रूट पर ही ऑटो चल सकेंगे। इसके पीछे उद्देश्य था कि अगर किसी महिला के साथ छेड़खानी जैसी हरकत होती है तो वह ऑटो का नंबर नोट करके पुलिस को बता देगी, जिससे आरोपी को पकड़ना आसान हो जाएगा। मगर यह अभियान कुछ दिन बाद ही ठंडे बस्ते में चला गया। जनपद में संचालित ऑटो का सत्यापन न के बराबर किया गया। क्यूआर कोड भी नहीं लगाए जा सके। ऑटो से वारदात होने पर सीसीटीवी कैमरों का ही सहारा है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि सत्यापन का काम कराया जा रहा है। क्यूआर कोड भी लगवाए जाएंगे।
  • Related Posts

    लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा: बारिश से कच्चे मकान की दीवार गिरी, पति-पत्नी और मासूम पुत्र की मौत

    लखीमपुर खीरी के थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रहमतपुर में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश होने के कारण कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के…

    UP- आजम फिर संकट में, मंत्री रहते किन फर्मों को मिले ज्यादा काम, इसकी भी होगी जांच

    पूर्व मंत्री आजम खां की मुश्किलों में फिर इजाफा होने के आसार है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके मंत्री रहने के दौरान जल निगम में हुए सभी कार्यों का ब्योरा…