राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ ने रविवार को शिमला के चौड़ा मैदान में अपनी मांगों को लेकर ‘आग्रह रैली’ की। रैली में शिमला जिले के सभी 21 शिक्षा खंडों के शिक्षकों ने भाग लिया। शिक्षकों ने प्रदर्शन के माध्यम से बीते वर्ष शिक्षा विभाग द्वारा जारी नई परिसर प्रणाली ( क्लस्टर सिस्टम) संबंधी अधिसूचना को वापस लेने की मांग उठाई।
संघ पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि 23 सितंबर 2025 की अधिसूचना में प्राथमिक शिक्षा का पूर्ण प्रशासनिक नियंत्रण व संचालन प्रिंसिपल को दे दिया गया है, जो प्राथमिक शिक्षकों के हितों के खिलाफ है। पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 1984 से प्राथमिक शिक्षा का अलग ढांचा कार्य कर रहा है और अलग क्लस्टर प्रणाली के तहत प्रशासनिक व्यवस्था संचालित होती रही है। नई व्यवस्था लागू होने से कार्य केंद्रीकृत हो जाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।









