तीन की माैत, डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलटी कार, दंपती समेत मासूम की गई जान

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलट गई। अरांव थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में पति, गर्भवती पत्नी और डेढ़ साल के बेटे की मौत हो गई। कार में सवार महिला की बहन गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान मैनपुरी निवासी वरुण उर्फ शिवम यादव (28), रचना (26) और आर्यन (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है।

मैनपुरी के यदुवंश नगर, भावंत चौराहा निवासी (मूल निवासी बघिरुआ, एलाऊ मैनपुरी) वरुण उर्फ शिवम यादव शुक्रवार को गर्भवती पत्नी रचना और बेटे आर्यन के साथ फिरोजाबाद के नसीरपुर थाना क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल गांव नगला मेघ आए थे। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे उनका पूरा परिवार रचना की बहन मोना (20) के साथ कार से मैनपुरी लौट रहा था।

अरांव थाना क्षेत्र में निन्नूराम कोल्ड स्टोरेज के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची अरांव थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल, फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने रचना और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल वरुण को परिजन निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान देर शाम उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घायल मोना का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

इकलाैते बेटे की माैत से पिता बेसुध
शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर अरांव थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को मौत की नींद सुला दिया। वरुण व कार में सवार अन्य किसी भी व्यक्ति ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसका ड्राइवर साइड का पहिया डिवाइडर पर चढ़ गया। चढ़ते ही टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में सड़क पर जाकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और इकलौते बेटे की मौत से पिता राजेंद्र बेसुध हो गए हैं।

और पढ़े  अयोध्या: रामनगरी की सुरक्षा का नया खाका तैयार कर रही एनएसजी, सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी का सुरक्षा ऑडिट शुरू

पुलिस के अनुसार कार में सवार वरुण और अन्य लोगों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिसके चलते कार द्वारा तीन-चार पलटी खाने के दौरान उन्हें जानलेवा चोटें आईं। साथ ही, टक्कर के वक्त कार के एयरबैग भी नहीं खुले। अगर सीट बेल्ट लगा रखी होती और एयरबैग खुल जाते तो शायद कर सवारों की जान बच जाती। कार इतनी रफ्तार में थी कि तीन से चार बार पलटी खाई थी।

इंटर की छात्रा मोना गर्भवती बहन की देखभाल के लिए जा रही थी साथ
शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर थाना अरांव क्षेत्र में हुई भीषण कार दुर्घटना ने एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह तबाह कर दिया है। हादसे में मारे गए युवा किसान वरुण (28) अपने पिता राजेंद्र के इकलौते बेटे थे। बेटे, बहू रचना और डेढ़ वर्षीय पोते आर्यन की एक साथ मौत की खबर सुनकर पिता राजेंद्र बेसुध हो गए हैं। पूरे गांव में मातम का माहौल है। हादसे में घायल हुई साली मोना (20) इंटर की छात्रा है। वह अपनी गर्भवती बहन रचना की देखभाल करने के लिए ही परिवार के साथ जा रही थी। मोना के पिता राकेश कुमार वन विभाग में रपड़ी ईको टूरिज्म केंद्र पर तैनात हैं। मृतक रचना, राकेश कुमार की छह संतानों (चार बेटे, दो बेटियां) में पांचवें नंबर की थी।

यदुवंश नगर स्थित मकान में दादा के साथ रहता था वरुण
हादसे में मारे गए वरुण (28) मैनपुरी शहर के यदुवंश नगर स्थित मकान में अपनी पत्नी रचना, डेढ़ वर्षीय बेटे आर्यन और रिटायर्ड शिक्षक दादा कृष्णचंद मास्टर के साथ रहते थे। वरुण के माता-पिता गांव में रहकर खेती-बाड़ी संभालते थे और वरुण खेती में उनका हाथ बंटाता था। रिटायर्ड दादा कृष्णचंद मास्टर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

और पढ़े  पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: फौजी का पार्थिव शरीर लेकर लौट रहे बेटे समेत चार की मौत, योगी ने जताया दुख

कार अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल मोना ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। परिवारवालों को घटना की जानकारी दे दी गई है। -अनिवेश कुमार सिंह, सीओ सिरसागंज

पुलिस की सभी वाहन चालकों से अपील
– गति सीमा का पालन करें, 60 से 80 किमी की रफ्तार में ही चलाएं
– यात्रा पर निकलने से पहले टायरों की स्थिति, ब्रेक और इंजन की जांच अवश्य करें।
– खराब या पुराने टायर तेज गति में फटने का कारण बन सकते हैं।
– लंबी यात्रा के दौरान पर्याप्त नींद लें।
– गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें और न ही किसी भी प्रकार का नशा करें।
– कार में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। यह दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचा सकती है

  • Related Posts

    UP- एक और पति की हत्या: इलमा ने प्रेमी संग किया कत्ल, तालिब की ‘कातिल’ ने खुद कबूला, मेरठ कांड की कहानी

    मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में इलमा (27) ने पति तालिब (30) की प्रेमी अमन के साथ मिलकर 28 सितंबर को हत्या कर दी। इसके बाद इलमा…

    लखनऊ में बाढ़: CM ने किया हवाई दौरा, फैजुल्लागंज से नैमिष तटबंध बनाने की घोषणा, पीड़ित परिवारों से मिले

    राजधानी में बाढ़ से बचाव के लिए करीब 40 किलोमीटर लंबा फैजुल्लागंज से नैमिष तक तटबंध बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के…