अंकिता हत्याकांड: उर्मिला सनावर से पुलिस ने कई घंटे पूछताछ की, रिकॉर्डिंग में राजनेता का लिया नाम

 

अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर से बुधवार को पुलिस ने कई घंटे पूछताछ की। उर्मिला से इन ऑडियो-वीडियो के स्रोत और उसके पीछे की कहानी के संबंध में कई सवाल किए गए। उर्मिला अब बृहस्पतिवार को हरिद्वार में एसआईटी प्रभारी के सामने पेश हो सकती हैं। इस पूछताछ में दोनों प्राथमिकियों (नेहरू कॉलोनी और डालनवाला में दर्ज) के विवेचना अधिकारी शामिल रहे।

 

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उर्मिला को बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उर्मिला ने दोनों जांच अधिकारियों को सुरेश राठौर और उनके बीच हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप दी है। इसे वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। एसएसपी ने बताया कि उर्मिला ने अपनी सुरक्षा के संबंध में जो प्रार्थनापत्र दिया था उस पर एलआईयू से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

 

उर्मिला स्वामी दर्शन भारती के साथ दून पहुंची थी
बता दें कि एक के बाद एक चार प्राथमिकियां दर्ज होने पर उर्मिला एकाएक शांत हो गई थीं। उन्होंने अपना फोन भी स्विच ऑफ कर लिया था। इस बीच बुधवार को उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट अचानक वायरल होने लगी। उर्मिला ने लिखा था कि वह उत्तराखंड आ रही हैं और अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित साक्ष्य एसआईटी को उपलब्ध कराएंगी। उर्मिला स्वामी दर्शन भारती के साथ देहरादून बुधवार रात करीब नौ बजे पहुंची थीं।

यहां कई स्थानों पर उनसे मीडिया ने भी संपर्क किया। सूत्रों के अनुसार सुबह होते ही उर्मिला को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उर्मिला से इस मामले के संबंध में कई सवाल किए गए। उनके पास जो ऑडियो-वीडियो हैं उनकी कॉपी भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। अब वह एसआईटी प्रभारी एसपी सिटी हरिद्वार के सामने बृहस्पतिवार को पेश होंगी।

और पढ़े  उत्तराखंड: साल-दर-साल घट रही विधानसभा सत्र के दिनों की संख्या, 60 दिन की नियमावली से दूर सदन

उर्मिला और राठौर की बातचीत की रिकॉर्डिंग के अलावा नहीं मिला कोई साक्ष्य

अभिनेत्री उर्मिला सनावर के पास से पुलिस को ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है जो अंकिता हत्याकांड से संबंधित नया तथ्य हो। सनावर के पास केवल एक ऑडियो रिकॉर्डिंग थी जिसे पुलिस ने उसके मुख्य फोन से रिकवर भी कर लिया है। यह रिकॉर्डिंग वही है जिसमें सुरेश राठौर और वह (उर्मिला) एक राजनेता का नाम ले रहे हैं। इस रिकॉर्डिंग में जो बातचीत हो रही हैं उन्हें बल देने के लिए भी कोई साक्ष्य उर्मिला के पास से नहीं मिला है।

दरअसल, पिछले महीने सुरेश राठौर और उर्मिला के बीच बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसके बाद उर्मिला ने कई वीडियो बनाए जिसमें उन्होंने सुरेश राठौर से बातचीत का हवाला देते हुए ही राजनेता का नाम दोहराया था। इन वायरल ऑडियो और वीडियो को पुलिस पहले ही फोरेंसिक जांच लिए प्रयोगशाला भेज चुकी है। देहरादून पहुंचने के बाद जब उर्मिला से पुलिस ने पूछताछ की तो इन ऑडियो और वीडियो में आए तथ्यों के सापेक्ष साक्ष्य मांगे गए। पुलिस सवाल पर सवाल करती गई और उर्मिला बार-बार इन्हीं ऑडियो और वीडियो को साक्ष्य बताती रहीं। पुलिस के अनुसार ऑडियो में बातचीत किस आधार पर हो रही है क्या ऐसे कोई साक्ष्य हैं जिससे यह बात सिद्ध हो सके इस बारे में उर्मिला के पास कोई जवाब नहीं था।

उर्मिला के पास केवल एक ऑडियो रिकॉर्डिंग और कुछ वीडियो मिले हैं। वीडियो भी उन्होंने खुद रिकॉर्ड किए हैं। अब इन्हीं वीडियो और ऑडियो को दिखाने के लिए उर्मिला बृहस्पतिवार को एसआईटी प्रभारी के सामने पेश होंगी। बताया जा रहा है कि पुलिस की इस शुरुआती पड़ताल में चर्चित अंकिता हत्याकांड की जांच लायक कोई तथ्य नहीं है। बता दें कि उर्मिला ने देहरादून पहुंचने से पहले दावा किया था कि उनके पास अंकिता हत्याकांड में वीआईपी से जुड़े कई साक्ष्य हैं जिसे वह एसआईटी को उपलब्ध कराएंगी। देहरादून में उर्मिला से यहां की दोनों प्राथमिकियों से संबंधित पूछताछ की गई। अब हरिद्वार की प्राथमिकियों के संबंध में हरिद्वार में एसआईटी पूछताछ करेगी।

और पढ़े  उत्तराखंड: प्रदेश में आज बदलेगा मौसम, 9 जिलों में बारिश, पहाड़ से मैदान तक बढ़ेगी ठंड, बर्फबारी के भी आसार
  • Related Posts

    नैनीताल: रामनगर के पूछड़ी गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंचा सरकारी अमला, तीन किलोमीटर के दायरे में आवाजाही पर रोक

    ग्राम पूछड़ी में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कार्रवाई को देखते हुए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया…

    चमोली हेलीकॉप्टर क्रैश: AI के जरिए समझते हैं कैसे हुआ होगा हादसा, पलक झपकते ही चली गई 6 लोगों की जान

    उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के अंतिम चरण में दर्दनाक हवाई हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से तीर्थयात्रियों को लेकर देहरादून स्थित सहस्रधारा हेलीपैड जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शुक्रवार…