यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध- 1 सप्ताह में रूस ने यूक्रेन पर बरसाए 1300 ड्रोन, 1200 गाइडेड बम, जेलेंस्की का बड़ा दावा

यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बीते एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन पर करीब 1300 अटैक ड्रोन, लगभग 1200 गाइडेड एरियल बम और नौ मिसाइलें दागीं। इन हमलों का सबसे ज्यादा असर देश के दक्षिणी हिस्सों और ओडेसा क्षेत्र में देखा गया है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि रूस की लगातार बमबारी और ड्रोन हमलों से आम नागरिकों की जिंदगी प्रभावित हुई है, लेकिन यूक्रेन की आपात सेवाएं हालात को सामान्य बनाने में जुटी हैं।

 

ओडेसा में भारी तबाही, कई लोगों की मौत
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार रात ओडेसा क्षेत्र में हुए रूसी हमले में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। आपात सेवाओं ने बताया कि एक बंदरगाह क्षेत्र को मिसाइल से निशाना बनाया गया, जिससे बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।

 

यूक्रेन को अंतरराष्ट्रीय समर्थन
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार समर्थन मिल रहा है। यूरोपीय परिषद ने 2026-27 के लिए 90 अरब यूरो की वित्तीय सहायता मंजूर की है। इसके अलावा नॉर्वे और जापान ने भी सहायता पैकेज देने का ऐलान किया है। वहीं, पुर्तगाल के साथ समुद्री ड्रोन के संयुक्त उत्पादन को लेकर समझौता हुआ है।

शांति वार्ता की कोशिशें जारी
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त करने को लेकर बातचीत चल रही है। उनका कहना है कि रूस पर दबाव और कड़े प्रतिबंध जरूरी हैं, ताकि कूटनीति के जरिए सम्मानजनक शांति का रास्ता निकाला जा सके। उधर, रूस की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि अमेरिका के साथ चल रही बातचीत ‘रचनात्मक’ माहौल में आगे बढ़ रही है। हालांकि, जमीनी हालात अब भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। जेलेंस्की ने दो टूक कहा कि युद्ध किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता और आक्रामकता का जवाब अंततः उसी देश को भुगतना पड़ता है। उन्होंने यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

और पढ़े  दो दिन में खुलेगा होर्मुज?: ईरान ने अमेरिका के सामने रखीं ये शर्तें, अब्बास अराघची ने क्या कहा?
  • Related Posts

    भिवानी: गेस्ट हाउस संचालक ने बच्ची से दुष्कर्म किया, फिर देह व्यापार में धकेला, एसआईटी कर रही जांच

    असम की बेसहारा नाबालिग बच्ची को बंधक बनाने, दुष्कर्म करने और देह व्यापार में धकेलने का मामला सामने आया है। मामला अक्तूबर माह का है। पुलिस ने महिला सहित दो…

    श्रीधर पार्थसारथी: मशहूर मृदंगम वादक का हुआ निधन, शंकर महादेवन हुए भावुक, पूछा- विदा लेने का यह कैसा तरीका है?

    मशहूर मृदंगम वादक श्रीधर पार्थसारथी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे। पुणे के बालेवाड़ी में ‘दिवाली पहाट’ कॉन्सर्ट में परफॉर्म करते समय श्रीधर को दिल…