पिछले एक दशक में दुनियाभर में कई प्रकार की संक्रामक बीमारियों का प्रकोप देखा गया है। कोरोनावायरस हो या कई अन्य जूनोटिक बीमारियां, इन सभी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर काफी दबाव बढ़ा है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन दिनों अमेरिका के कई प्रांतों में बर्ड फ्लू वायरस का प्रकोप देखा जा रहा है।
खबरों के मुताबिक वाशिंगटन में बर्ड फ्लू के एक दुर्लभ स्ट्रेन (H5N5) के कारण पहली मौत दर्ज की गई है। इस खबर ने इंसानों के लिए घातक माने जाने वाले बर्ड फ्लू को लेकर लोगों के मन में फिर से डर बढ़ा दिया है, हालांकि राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इससे ज्यादा चिंता की जरूरत नहीं है।
वाशिंगटन स्टेट डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ द्वारा शुक्रवार को जारी अपडेट के मुताबिक, बर्ड फ्लू संक्रमण कारण मरने वाले व्यक्ति की उम्र ज्यादा थी और वह पहले से ही कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार था। अधिकारियों ने कहा, मृतक पोल्ट्री के संपर्क में रहता था, संभवत: यहीं से वह संक्रमित हुआ है। कोमोरबिडिटी का शिकार होने के कारण संक्रमण ने गंभीर रूप ले लिया जिससे उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि इससे पहले इस साल के शुरुआती महीनों में भी कई देशों में बर्ड फ्लू के मामले तेजी से बढ़े थे। बर्ड फ्लू के नए स्ट्रेन से पहली मौत
हालिया मामले में वाशिंगटन में संक्रमण से हुई मौत के बाद राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा, इससे लोगों के लिए खतरा कम है। मृतक व्यक्ति के करीबी संपर्क में आए सभी व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। अब तक लोगों के बीच इस वायरस के फैलने का कोई संकेत नहीं है।
इस महीने की शुरुआत में, सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने बर्ड फ्लू के बारे में एक बयान जारी किया था जिसमें कहा गया था कि नए स्ट्रेन्स को लेकर अध्ययनों में ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं जिससे माना जाए कि ये इंसानों के लिए खतरनाक है।
एच5एन1 वायरस या बर्ड फ्लू के कारण कई प्रकार की स्वास्थ्य जटिलताओं का खतरा हो सकता है। बर्ड फ्लू को आमतौर पर मुर्गियों और पक्षियों में संक्रमण फैलाने वाला माना जाता रहा है, हालांकि पिछले कुछ वर्षों में इससे पहली बार गायों, इंसानों को भी संक्रमित देखा गया है। फरवरी 2025 में पहली बार चूहों में भी इससे संक्रमण की पुष्टि की गई थी।
अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए) के एनिमल एंड प्लानेट इंस्पेक्शन सर्विस ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि पहली बार चूहे इस संक्रामक रोग की चपेट में आए हैं। चूहे घरों में भी मौजूद होते हैं, ऐसे में इसके कारण इंसानों के संक्रमित होने का जोखिम बढ़ सकता है।







