देश में कोरोना का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। रोजाना कोई न कोई शख्स इस खतरनाक वायरस का शिकार बन रहा है। इसी कड़ी में बिहार के सिवान जिले के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का नाम भी जुड़ गया। आज (1 मई) दिल्ली के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। बता दें कि शहाबुद्दीन कोरोना संक्रमित हो गए थे, जिसके बाद दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था। तिहाड़ के डीजी ने इसकी पुष्टि की है।
जेल में बंद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की शनिवार को दिल्ली के डीडीयू अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई। महानिदेशक (कारा) संदीप गोयल ने बताया कि दिल्ली जेल के कैदी मोहम्मद शहाबुद्दीन की मृत्यु के बारे में डीडीयू अस्पताल से सूचना मिली है। शहाबुद्दीन कोविड-19 से संक्रमित था और 20 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कारा अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दो-तीन दिन पहले अस्पताल के सघन निगरानी कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था।








